वनांचल गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से रूबरू हुए विजय शर्मा, विकास कार्यों के लिए लाखों की घोषणाएं h

  • Admin
  • Oct 18, 2026
  • 3,813 views

अंधरीकछार, बोरिया और महली में सुनीं समस्याएं, तीन गांवों में 427 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत; निर्माण में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

कबीरधाम, 18 अक्टूबर 2026। 

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई और उनकी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें सुनीं। अंधरीकछार, बोरिया और महली में जमीन पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन, मंच सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर त्वरित निराकरण करने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और जरूरतमंदों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

अंधरीकछार, बोरिया, कापा, सिरमी और महली में विकास कार्यों की घोषणा

ग्राम अंधरीकछार में 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, 2.60 लाख रुपये की लागत से धरसा मार्ग, महामाया मंदिर के लिए 5 लाख रुपये, 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण और समतलीकरण कार्य के लिए 1 लाख रुपये की घोषणा की गई।

ग्राम बोरिया में 10 लाख रुपये की लागत से खाद गोदाम, 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क, महादेव मंदिर में 3 लाख रुपये की लागत से मंच तथा प्राथमिक शाला भवन के पास 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण की घोषणा की गई।

इसी तरह ग्राम कापा में 6 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क बनाई जाएगी। ग्राम सिरमी में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन तथा 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण की घोषणा की गई।

ग्राम महली में 2.50 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण, बूढ़ा देव के पास 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, 5.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क, 5 लाख रुपये की लागत से पुलिया तथा महामाया मंदिर के पास 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई।

तीन गांवों में 427 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत, समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश

जनचौपाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए विजय शर्मा ने बताया कि ग्राम अंधरीकछार में 163, बोरिया में 128 और अचानकपुर में 136 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। इस तरह तीनों गांवों में कुल 427 आवास स्वीकृत हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को जल्द पक्के मकान मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आवास निर्माण की नियमित निगरानी करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

गन्ना किसानों को पहली बार मिलेगा शक्कर कारखाने का लाभांश

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर लगातार काम कर रही है। राज्य सरकार ने गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जिससे गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।

उन्होंने बताया कि किसानों की मेहनत और सहयोग से भोरमदेव शक्कर कारखाने ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी का गौरव हासिल किया है। छत्तीसगढ़ में पहली बार गन्ना किसानों को शक्कर कारखाने से लाभांश राशि मिलने जा रही है। यह किसानों की मेहनत और कारखाने के बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है।

मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना

दौरे के दौरान विजय शर्मा ने ग्राम बोरिया में आदिशक्ति मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर कबीरधाम जिले सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास कार्यों पर चर्चा की।

इसके बाद वे ग्राम भलपहरी, अचानकपुर और बोइरकछरा में जनसंपर्क के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि कांशीराम उइके, अमित वर्मा, रूप सिंह धुर्वे, रामकिंकर वर्मा, बैगा समाज के प्रदेशाध्यक्ष मोती बैगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।