…तो साधु-संतों और संपूर्ण हिन्दू समाज का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिलेगा – विश्व हिन्दू परिषद

नई दिल्ली, 31 जुलाई 2026।

संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा संत का वेश धारण कर किए गए भोंडे प्रदर्शन पर विश्व हिन्दू परिषद ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सुरेंद्र जैन ने इसे सनातन धर्म, पूज्य साधु-संतों और संपूर्ण हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाओं का सीधा अपमान और अनादर करार दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के अन्य सांसदों द्वारा किया गया प्रदर्शन बेहद निम्नस्तरीय कृत्य है। जिस प्रकार रावण ने छल-कपट के लिए संत का छद्म वेश धारण किया था, उसी प्रकार ये नेता धार्मिक प्रतीकों का दुरुपयोग कर हिन्दू आस्था पर चोट करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का हिन्दू विरोधी रवैया नया नहीं है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में रोड़े अटकाने से लेकर अब तक, ये लगातार सनातनी आस्थाओं को निशाना बनाते रहे हैं। भव्य राम मंदिर बनने के बाद से उपजी बौखलाहट में यह सब किया जा रहा है। हिन्दू समाज धैर्यवान और सहिष्णु है, लेकिन उसे अपनी भाषाई व संवैधानिक मर्यादाओं के दायरे से बाहर जाने पर मजबूर न किया जाए।

यदि इन नेताओं में साहस है, तो वे किसी अन्य धर्म के धर्मगुरुओं या मौलवियों का वेश धारण कर उनके प्रतीकों का मजाक उड़ाकर दिखाएं। ऐसा करते ही सड़कों पर उग्र प्रदर्शन होने लगेंगे और उनका बाहर निकलना कठिन हो जाएगा।

विश्व हिन्दू परिषद ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की कि संसद परिसर में धार्मिक प्रतीकों का इस प्रकार अनादर करने वाले सांसदों के खिलाफ कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही इस अमर्यादित कृत्य और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के विरुद्ध विश्व हिन्दू परिषद स्वयं भी कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।

डॉ. जैन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार के कृत्यों पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया गया, तो देश के साधु-संतों और संपूर्ण हिन्दू समाज का आक्रोश बहुत जल्द सड़कों पर देखने को मिलेगा।

सम्बन्धित खबरें