अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व से साकार हुआ छत्तीसगढ़ राज्य का सपना : मुख्यमंत्री साय

  • Admin
  • Oct 31, 2026
  • 5,957 views

लाल आतंक से मुक्ति के बाद शांति, विश्वास और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा प्रदेश

2047 तक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का मुख्यमंत्री ने किया आह्वान

रायपुर, 31 अक्टूबर 2026।

 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (1 नवंबर) के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है। यह दिन राज्य की उपलब्धियों पर गर्व करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है।

मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ। पृथक राज्य के गठन से प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान मिली तथा विकास की संभावनाओं के नए द्वार खुले। राज्य सरकार अटल जी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

लाल आतंक से मुक्ति के बाद शांति और विकास का नया दौर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव अनेक मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। यह पहला राज्योत्सव है, जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हुई है। इस सफलता में वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का अविस्मरणीय योगदान है। प्रदेश उनके योगदान को सदैव कृतज्ञतापूर्वक याद करेगा।

गांवों में खुशहाली और युवाओं को बेहतर अवसर देना लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प छत्तीसगढ़ के हर गांव में खुशहाली लाना, प्रत्येक युवा को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और जनशक्ति के सामर्थ्य के बल पर छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। सरकार प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प लें

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस का अवसर अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ भविष्य के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने का भी दिन है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर वर्ष 2047 तक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें और इसे साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

सम्बन्धित खबरें