100+ देशों की टेक ताकत यशोभूमि में जुटेगी, पीएम मोदी कल करेंगे इंडिया मोबाइल कांग्रेस का आगाज

  • Admin
  • Oct 07, 2026
  • 18,796 views

 

1.5 लाख से ज्यादा प्रतिभागी, 600+ स्टार्टअप और 500+ प्रदर्शक होंगे शामिल; 5जी-6जी, एआई, क्वांटम कम्युनिकेशन से रोबोटिक्स तक दिखेगी तकनीक की ताकत

नई दिल्ली | 7 अक्टूबर 2026

भारत की डिजिटल ताकत और दुनिया की अगली पीढ़ी की तकनीक का बड़ा संगम गुरुवार से यशोभूमि में होगा। इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2026 के 10वें संस्करण में 100 से अधिक देशों की भागीदारी होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे नई दिल्ली के यशोभूमि में आयोजन का उद्घाटन करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। आईएमसी 7 से 10 अक्टूबर तक चलेगा।

दूरसंचार विभाग और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस संस्करण की थीम ‘सीमाओं से परे विस्तार’ है। आयोजन में डिजिटल नवाचार, अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी, तकनीक आधारित विकास, समावेशी डिजिटल पहुंच और सुरक्षित तथा गतिशील डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र पर फोकस रहेगा।

चार स्तंभों पर टिका आईएमसी 2026

आईएमसी 2026 को चार प्रमुख स्तंभों के आधार पर आगे बढ़ाया गया है—

सृष्टि — भविष्य का निर्माण

संवर्धन — विकास को गति देना

सशक्त — अवसरों का विस्तार

सुरक्षा — विश्वास का सुदृढ़ीकरण

आयोजन में दुनिया भर के तकनीकी विशेषज्ञ, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, स्टार्टअप, निवेशक और नवोन्मेषक एक मंच पर जुटेंगे। चर्चा का केंद्र अगली पीढ़ी के डिजिटल बुनियादी ढांचे और तकनीक के जरिए आर्थिक विकास को गति देना होगा।

5जी-6जी, एआई से क्वांटम कम्युनिकेशन तक 9 बड़े क्षेत्र

आईएमसी 2026 में 9 प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें 5जी और 6जी, अगली पीढ़ी के एआई नेटवर्क, सेमीकंडक्टर, गैर-स्थलीय नेटवर्क, साइबर सुरक्षा, क्वांटम कम्युनिकेशन, उद्यम परिवर्तन, चक्रीय अर्थव्यवस्था एवं ईएसजी और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण शामिल हैं।

इसके साथ ही इस बार 4 नए क्षेत्रों—स्मार्ट मोबिलिटी, स्टेडियम अनुभव, औद्योगिक रोबोटिक्स और परिवहन प्रौद्योगिकी को भी आयोजन के दायरे में शामिल किया गया है। यानी मोबाइल और संचार तकनीक से आगे बढ़कर परिवहन, उद्योग, खेल और स्मार्ट मोबिलिटी में तकनीक के इस्तेमाल पर भी फोकस रहेगा।

1.5 लाख से ज्यादा प्रतिभागी, 600+ स्टार्टअप

आईएमसी 2026 में 100 से अधिक देशों से 1.5 लाख से ज्यादा प्रतिभागियों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन में 500 से अधिक साझेदार और प्रदर्शक, 600 से अधिक स्टार्टअप और 900 से अधिक विचारक शामिल होंगे।

तकनीक के वास्तविक इस्तेमाल और उसके भविष्य की संभावनाओं को सामने रखने के लिए 2,000 से अधिक प्रौद्योगिकी उपयोग के उदाहरण प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन के दौरान 120 से अधिक सत्र भी होंगे।

भारत की डिजिटल क्षमता को वैश्विक मंच पर दिखाने का अवसर

इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के जरिए भारत अपनी डिजिटल नवाचार क्षमता, अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी और तकनीक आधारित विकास की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा। 100 से ज्यादा देशों, सैकड़ों स्टार्टअप और प्रमुख तकनीकी कंपनियों की मौजूदगी इसे वैश्विक डिजिटल उद्योग के लिए महत्वपूर्ण मंच बनाएगी।

सम्बन्धित खबरें