सिंहस्थ के लिए दीर्घकालिक विकास पर है प्रदेश सरकार का फोकस : सीएम मोहन

  • Admin
  • Oct 26, 2026
  • 4,218 views

सिंहस्थ-2028 की तैयारी तेज

 उज्जैन में 539 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

वाल्मीकि धाम को मिलेंगी नई सुविधाएं


उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में 539 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार सिंहस्थ के भव्य आयोजन के साथ उज्जैन के दीर्घकालिक विकास पर काम कर रही है। अमृत द्वार और पांच्यजन्य द्वार सहित विभिन्न कार्यों से तीर्थयात्रियों की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। सांदीपनि आश्रम और मंगलनाथ के बाद सिद्धवट में भी निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई है।

धर्मशाला बनेगी, वाल्मीकि धाम थाने का बदलेगा नाम

मुख्यमंत्री ने सर्वसुविधायुक्त नई धर्मशाला बनाने, रिटेनिंग वॉल सहित अन्य विकास कार्य पूरे करने और वाल्मीकि धाम के पास स्थित थाने का नाम बदलकर ‘वाल्मीकि धाम थाना’ करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से प्रभावित दुकानदारों को वैकल्पिक स्थान दिया जाएगा और जिनके मकान टूटे हैं, उन्हें शासकीय योजनाओं के तहत आवास उपलब्ध कराया जाएगा।
डॉ. यादव ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पुरानी जमीन और संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का निर्णय लिया गया है। स्वामित्व योजना से लोगों को संपत्ति का पक्का अधिकार मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को जनविश्वास अभियान के तहत अधिकारी मैदान में उतरकर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दे रहे हैं।

ग्रामीण होमस्टे से रोजगार बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि आश्रम को देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बताते हुए उज्जैन के आसपास के गांवों में होमस्टे विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन निगम और प्रशासन के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।
प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारी करीब 30 महीने पहले शुरू कर दी गई है और उज्जैन से चारों दिशाओं में 100 किलोमीटर तक सड़कें बनाई जा रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया ने कहा कि विकास कार्यों का विस्तार मां बगलामुखी तक पहुंच रहा है।
राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेश नाथ महाराज ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जयंती देशभर में मनाई जा रही है और सिंहस्थ-2028 के आयोजन के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सामाजिक समरसता और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के प्रयासों का उल्लेख किया।

उज्जैन में 25 हजार करोड़ के विकास कार्य जारी

उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी ने बताया कि सिंहस्थ-2028 के लिए उज्जैन में करीब 25 हजार करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य चल रहे हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राचीन विरासतों को संरक्षित करते हुए विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण अपने हिस्से के कार्य समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कलावती यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन सहित जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें