विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : अरुण साव

  • Admin
  • Oct 28, 2026
  • 48,555 views

एनआईटी रायपुर और आईएनएई के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन, शोधपत्र, परियोजना प्रदर्शनी और हैकाथॉन के प्रतिभागी सम्मानित

रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। 

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि विकसित भारत का सपना आज के युवाओं के लिए है और आने वाले समय में वही देश का नेतृत्व करेंगे। देश को युवाओं की प्रतिभा, ज्ञान और सामर्थ्य से बड़ी उम्मीदें हैं। इंजीनियरिंग और तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को अपने ज्ञान, अध्ययन और नवाचार का उपयोग केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्रहित में भी योगदान देना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर में आयोजित दो दिवसीय यूथ कॉनक्लेव-कम-नेशनल कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन का आयोजन एनआईटी रायपुर और भारतीय राष्ट्रीय अभियांत्रिकी अकादमी (आईएनएई) द्वारा किया गया। इस अवसर पर तकनीकी विद्यार्थी, प्राध्यापक और वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

युवाओं के ज्ञान और नवाचार से आगे बढ़ेगा देश

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए काम कर रही है। देश में युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं। युवा अपनी योग्यता, ज्ञान और क्षमता के बल पर न केवल व्यक्तिगत रूप से आगे बढ़ सकते हैं, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान भी दिला सकते हैं।

उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि विकसित भारत का निर्माण आज की युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए किया जा रहा है। संभव है कि उनकी पीढ़ी के लोग उस समय तक मौजूद न रहें, लेकिन जब भारत दुनिया में अपने मान-सम्मान और गौरव के साथ खड़ा होगा, तब उसका नेतृत्व आज के युवा ही कर रहे होंगे। इसलिए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्हें अभी से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

साव ने विश्वास जताया कि दो दिवसीय सम्मेलन में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और वैज्ञानिकों के बीच विकसित भारत के निर्माण में तकनीक, अनुसंधान और नवाचार की भूमिका पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ होगा। सम्मेलन से प्राप्त विचार और अनुभव भविष्य में समाज तथा राष्ट्र के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे।

उत्कृष्ट शोध और नवाचार के लिए प्रतिभागी सम्मानित

सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले तथा परियोजना प्रदर्शनी और हैकाथॉन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजन में तकनीकी शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए गए।

शिक्षाविद और वैज्ञानिक रहे उपस्थित

समापन सत्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भिलाई के निदेशक प्रो. राजीव प्रकाश, जवाहरलाल नेहरू एल्युमिनियम रिसर्च, डेवलपमेंट एंड डिजाइन सेंटर के निदेशक डॉ. रोहित कुमार गुप्ता तथा एनआईटी रायपुर के प्राध्यापक प्रो. समीर वाजपेयी, प्रो. अर्चना शर्मा, डॉ. एस. सान्याल और डॉ. संजीव कुमार सहित अन्य शिक्षाविद एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें