चिट्टे के कारोबार पर निर्णायक वार का संकल्प, 2029 तक नशामुक्त पंजाब का लक्ष्य: अमित शाह

  • Admin
  • Oct 21, 2026
  • 7,911 views

नशे के खिलाफ लड़ते हुए बेटों को खोने वाले परिवारों से मिले गृह मंत्री अमित शाह

 

तीनों हत्याओं की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग, बोले—कितना भी रसूखदार हो आरोपी, जेल पहुंचाएंगे


लुधियाना, 20 अक्टूबर 2026। पंजाब में नशे के कारोबार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का ऐलान करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 दिसंबर 2029 तक राज्य को नशे के कारोबार से मुक्त करने का लक्ष्य रखा। विजयादशमी पर लुधियाना में ‘चिट्टे के प्रतीकात्मक रावण’ का दहन करने के बाद शाह ने नशे के खिलाफ संघर्ष में अपने बेटों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पंजाब सरकार से तीनों हत्याओं की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों की पहुंच कितनी भी ऊंची हो, उन्हें ढूंढकर जेल पहुंचाया जाएगा।
200 साल पुरानी परंपरा का किया उल्लेख
विजयादशमी समारोह में शाह ने कहा कि रावण दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व अपने भीतर के अहंकार, मद, लोभ और दूसरी बुराइयों को खत्म करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बचपन से सुनते आए थे कि रावण दहन देखना हो तो लुधियाना जाकर देखना चाहिए। यहां रामलीला कमेटी पिछले 200 साल से रावण दहन का आयोजन करती आ रही है।
बेटे खोने वाले परिवारों का दर्द बताया झकझोरने वाला
गृह मंत्री ने नशे के खिलाफ संघर्ष में अपने बेटों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी आंखों के आंसू, सवाल और वेदना किसी को भी झकझोर देने वाली है। उन्होंने कहा कि इन परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। पंजाब सरकार ने एक हत्या की जांच सीबीआई को सौंपी है। शाह ने बाकी दो हत्याओं की जांच भी सीबीआई को सौंपने की मांग की।
‘कितना भी बड़ा आरोपी हो, जेल पहुंचाएंगे’
अमित शाह ने कहा कि इन हत्याओं में कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति शामिल हो, उसे ढूंढकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि दोषियों को कानून के दायरे में लाकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा।
नशे के कारोबार की सूचना दें, सरकार करेगी कार्रवाई
शाह ने पंजाब के लोगों से नशे के कारोबार के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टोल-फ्री हेल्पलाइन पर नशे के कारोबार की सूचना दें, सरकार कार्रवाई करेगी। शाह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ते हुए जान गंवाने वाले तीनों लोगों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि पंजाब को नशे के कारोबार से मुक्त बनाया जाए।
370 और नक्सलवाद का जिक्र, अब नशे पर वार
गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने जो कहा, उसे करके दिखाया है। अनुच्छेद 370 और 35ए समाप्त किए गए, आतंकवाद समाप्ति की कगार पर है और नक्सलवाद को खत्म कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब नशे के कारोबार को भी समाप्त किया जाएगा।

सम्बन्धित खबरें