राजनांदगांव : कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य के लिए मितानिनों को किया सम्मानित

राजनांदगांव : कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्य के लिए मितानिनों को किया सम्मानित

राजनांदगांव, 18 जुलाई 2026

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कलेक्ट्रेट में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 13 मितानिनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

कलेक्टर ने डोंगरगांव विकासखंड की शारदा सिन्हा, चितरेखा देवांगन, फलिता साहू एवं देवकी वर्मा, छुरिया विकासखंड की पुनम साहू, राधामनी एवं सुलोचना साहू, डोंगरगढ़ विकासखंड की दिलेश्वरी गोंड, कामता वर्मा एवं डोमन तथा घुमका की उत्तरा देवांगन, रजनी एवं मांगतीन को सम्मानित किया।

इन मितानिनों का चयन किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से संबंधित एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करने, हाई रिस्क गर्भवती माताओं की पहचान, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, शिशु एवं मातृ मृत्यु दर में कमी, टीबी एवं कुपोषण मुक्त ग्राम पंचायत के प्रयास, कैंसर मरीजों की पहचान, फाइलेरिया की दवा वितरण, स्कूलों में किशोरी बालिकाओं की समस्याओं के समाधान, आयरन-फोलिक एसिड की दवा वितरण, मानसिक रोगियों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाने, 0 से 5 वर्ष तक के कुपोषित बच्चों को एनआरसी भेजने, गर्भवती माताओं का 12 सप्ताह के भीतर पंजीयन तथा पूर्ण टीकाकरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों में सराहनीय योगदान के आधार पर किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, डीपीएम संदीप ताम्रकार, अनिल श्रीवास्तव, डीसी सुकून दास मानिकपुरी सहित मितानिन प्रशिक्षक एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें