रायपुर : स्वरोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में दिख रहा सकारात्मक बदलाव

बिहान और महतारी वंदन योजना से संवर रहा जीवन, महिलाओं को मिल रहा आत्मनिर्भरता का नया आधार

रायपुर, 26 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन ला रही हैं। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ और ‘महतारी वंदन योजना’ के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर रही हैं। प्रदेशभर में हजारों महिलाएं इन योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार से जुड़ रही हैं और सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

सरगुजा जिले के ग्राम गुमराकलां की श्रीमती नीरा साहू इस सकारात्मक बदलाव की प्रेरक मिसाल हैं। ‘सरस्वती स्व-सहायता समूह’ से जुड़कर उन्होंने 17 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया और इससे अपने छोटे व्यवसाय की शुरुआत की। निरंतर प्रयास और समूह के सहयोग से उनका व्यवसाय धीरे-धीरे बढ़ता गया, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई।

योजनाओं से मिला संबल, बढ़ा व्यवसाय

‘महतारी वंदन योजना’ से मिलने वाली सहायता राशि ने उनके स्वरोजगार को और मजबूती दी। इस आर्थिक सहयोग का उपयोग उन्होंने अपनी दुकान के विस्तार में किया। आज वे आत्मविश्वास के साथ अपने व्यवसाय का संचालन कर रही हैं और खेती-बाड़ी में भी योगदान देकर परिवार की आय बढ़ा रही हैं।

आर्थिक सशक्तिकरण का सीधा प्रभाव उनके बच्चों की शिक्षा पर पड़ा है। अब वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करा पा रही हैं, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत हो रही है।

नीरा साहू अपनी सफलता का श्रेय शासन की योजनाओं को देते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। उनका कहना है कि इन योजनाओं ने ग्रामीण महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर और आत्मविश्वास प्रदान किया है। प्रदेश में ‘बिहान’ और ‘महतारी वंदन योजना’ के प्रभाव से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सम्बन्धित खबरें