रायपुर : मंत्रिपरिषद के महत्वपूर्ण निर्णय

रायपुर : मंत्रिपरिषद के महत्वपूर्ण निर्णय

रायपुर, 29 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

1. मंत्रिपरिषद ने ‘‘छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति, 2026’’ को मंजूरी दी। इस नीति के माध्यम से प्रदेश में स्वच्छ एवं सस्ती प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। आम उपभोक्ताओं को एलपीजी की तुलना में किफायती विकल्प मिलेगा तथा पाइपलाइन के माध्यम से गैस की त्वरित और सुगम आपूर्ति का विस्तार होगा। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा, ईंधन उपयोग में विविधता तथा पाइपलाइन अधोसंरचना के विकास के साथ बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

2. मंत्रिपरिषद ने आधुनिक खेल मैदान और क्रिकेट अकादमी के निर्माण के लिए जिला क्रिकेट एसोसिएशन, राजनांदगांव को सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा के नाम पर दर्ज भूमि में से 5 एकड़ भूमि रियायती दर पर आबंटित करने का निर्णय लिया।

3. मुख्यमंत्री के स्वेच्छानुदान मद से 6,809 व्यक्ति एवं संस्थाओं को लगभग 11 करोड़ 98 लाख 84 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की गई। यह सहायता जरूरतमंदों को त्वरित राहत, सामाजिक सहयोग को मजबूत करने तथा विभिन्न आवश्यक परिस्थितियों में संबल प्रदान करने के उद्देश्य से दी गई है।

4. मंत्रिपरिषद ने वर्ष 1988 बैच के तीन भारतीय पुलिस सेवा अधिकारियों संजय पिल्ले, आर.के. विज एवं मुकेश गुप्ता के संबंध में 26 सितंबर 2019 को जारी पदावनति आदेश का पुनर्विलोकन करते हुए उसे निरस्त करने का निर्णय लिया। साथ ही 24 सितंबर 2019 को लिए गए संबंधित निर्णय को अपास्त करते हुए उसके पालन में जारी सभी आदेशों को बैठक से पूर्व की स्थिति में पुनर्जीवित मान्य किया गया। यह निर्णय प्रशासनिक तथ्यों एवं परिस्थितियों के समग्र परीक्षण के बाद लिया गया।

सम्बन्धित खबरें