नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से की मुलाकात

 

नई दिल्ली, 12 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो’ सेरी अनवर बिन इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी ने अनवर इब्राहिम का भारत में स्वागत किया और साझेदार देश के रूप में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में मलेशिया की भागीदारी की सराहना की।

बैठक में दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान हुए समझौतों और निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, अवसंरचना, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और जन-से-जन संबंधों समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति का जायजा लिया।

कोटा किनाबालु में खुलेगा भारत का महावाणिज्य दूतावास

मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सबाह प्रांत के कोटा किनाबालु में भारत का महावाणिज्य दूतावास स्थापित करने के लिए मलेशिया की सहमति से प्रधानमंत्री मोदी को अवगत कराया। इसे दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान-भारत संबंधों को मजबूत करने में मलेशिया के निरंतर समर्थन की सराहना की। दोनों नेताओं ने साझा हितों से जुड़े प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया । बैठक के दौरान भारत और मलेशिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

 

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।