खैरागढ़ में ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ का मंचन, 500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

  • Admin
  • Oct 10, 2026
  • 10,960 views

खैरागढ़, 10 अक्टूबर 2026। 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के परिसर-2 में ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ का जिला स्तरीय नाट्य मंचन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता रही। विद्यार्थियों ने संगीत, अभिनय और भावपूर्ण संवादों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, सार्वजनिक सेवा के अनुभवों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रस्तुत किया।

संगीत और नाट्य प्रस्तुति के जरिए सेवा, जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया। इसके साथ ही ‘भारत के रंग’ की सांस्कृतिक भावभूमि पर वंदे मातरम की गौरवगाथा को भरतनाट्यम और कथक की सामूहिक नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया।

कला के माध्यम से सेवा और समर्पण का संदेश

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने नाटक के विभिन्न प्रसंगों के जरिए सेवा भाव, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति जिम्मेदारी को अभिव्यक्त किया। संगीत और अभिनय के समन्वय से तैयार इस प्रस्तुति ने भारतीय कला एवं संस्कृति को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा और समर्पण के विचारों को जनसामान्य तक पहुंचाना तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित करना था। नाटक में यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ सामाजिक दायित्वों और जनभागीदारी के महत्व को समझने का अवसर दिया। इस आयोजन ने जनजागरूकता और सकारात्मक विचारों के प्रसार में संगीत एवं नाट्य कला की भूमिका को भी रेखांकित किया।

जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में बिसेसर साहू, घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, जैनेन्द्र जंघेल, नीलिमा गोस्वामी, गिरिजा चंद्राकर, विकेश गुप्ता, रामाधार रजक, भावेश कोचर, गोरेलाल वर्मा, वंदना टांडेकर, आयूब सोलंकी, रूपेंद्र रजक और लखन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें