विजयादशमी पर प्रभु श्री रामलला का पंचामृत से महाभिषेक

  • Admin
  • Oct 20, 2026
  • 6,873 views

अयोध्या, 20 अक्तूबर 2026। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार को श्री राम जन्मभूमि मन्दिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। प्रातःकाल गर्भगृह में विराजमान श्री रामलला का दूध, दही, घी, चीनी एवं नारियल जल से विधि-विधानपूर्वक महाभिषेक किया गया। इस अवसर पर शास्त्रोक्त विधि से शस्त्र पूजन सम्पन्न हुआ। मन्दिर परिसर स्थित दुर्गा मन्दिर में भी माँ दुर्गा के शस्त्रों का विधिवत पूजन किया गया। मध्याह्न राजभोग में श्री रामलला को विशेष छप्पन भोग अर्पित किये गए।

विजयादशमी पर ट्रस्ट ने कन्या पूजन की एक अभिनव पहल भी की। मन्दिर परिसर की यज्ञशाला में लगभग डेढ़ दर्जन कन्याओं के चरण पखारकर विधि-विधान से उनका पूजन किया गया तथा चुनरी भेंट की। सनातन परम्परा में कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन करने की पावन परम्परा का आयोजन श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ।

अनुष्ठान में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासी एवं निर्मोही अखाड़े के स्वामी दिनेंद्र दास मुख्य यजमान रहे। आचार्य केशव एवं भवानी सिंह ने धार्मिक विधि-विधान से पूजन सम्पन्न कराया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले तथा न्यासी कृष्ण मोहन भी उपस्थित रहे।

शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन श्री रामलला के समक्ष विधि-विधान से कलश (घट) स्थापना की गई थी। नवरात्रि के विशेष अनुष्ठानों के अन्तर्गत पाँच अर्चकों द्वारा शतचण्डी पाठ का पारायण किया गया। नवमी तिथि पर दशांश हवन एवं पूर्णाहुति के साथ नवरात्रि के धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। इसके उपरान्त विजयादशमी पर श्री रामलला का विशेष महाभिषेक किया गया।

 

सम्बन्धित खबरें