जशपुर-गेहूं की फसल कम लागत में किसानों को ज्यादा मुनाफा

जशपुरनगर, 1 मार्च 2026/ परंपरागत विधि की अपेक्षा उन्नत तकनीकी विधि से गेहूं की फसल से किसानों को अधिक लाभ हो रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप कृषि विभाग और उद्यान विभाग द्वारा कृषकों को उन्नत तकनीकी से खेती करने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।
क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के साथ ही तकनीकी मार्गदर्शन देकर खेती के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है।
फरसाबहार विकासखण्ड के ग्राम बोखी के 60 वर्षीय कृषक गणेश राम यादव ने बताया कि वे परंपरागत देशी विधि से खेती करते थे, जिससे प्रति एकड़ 4 से 5 हजार रुपये शुद्ध आय प्राप्त होती थी। इस वर्ष एसएमएसपी योजना अंतर्गत 0.400 हेक्टेयर क्षेत्र में उन्नत तकनीकी विधि से गेहूं की फसल की किस्म जीडब्ल्यू 322 लगाई थी, जिससे उन्हें 7.00 क्विंटल प्रति एकड़ उपज प्राप्त हुई। इस विधि से खेती करने पर उन्हें 16,000 रुपये की शुद्ध आय प्राप्त हुई।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी क्षेत्र फरसाबहार शशिप्रभा भोय ने उन्नत तकनीकी विधि से खेती करने हेतु प्रेरित करते हुए किसानों को गेहूं का बीज प्रदाय किया था। फसल प्रदर्शन को देखकर अन्य कृषक भी आगामी वर्ष में उन्नत तकनीकी विधि से खेती करने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं।
किसान गणेश राम यादव भी आगामी वर्ष में गेहूं की खेती उन्नत तकनीकी विधि अपनाकर अधिक क्षेत्र में करेंगे तथा अन्य कृषकों को भी इसी विधि से खेती करने के लिए प्रेरित करेंगे।

सम्बन्धित खबरें