एनसीयूआई के चुनाव में सहकार भारती-भाजपा गठबंधन की ऐतिहासिक जीत

20 में से 19 सीटों पर गठबंधन ने लहराया जीत का परचम, 10 निर्विरोध निर्वाचित

नई दिल्ली। संपूर्ण सहकारिता जगत की शीर्ष संस्था राष्ट्रीय सहकारिता संघ (NCUI) के प्रबंधक मंडल के पंचवर्षीय चुनाव में सहकार भारती और भाजपा के संयुक्त गठबंधन ने सफलता हासिल की है। प्रबंधक मंडल के लिए शनिवार 18 जुलाई को  मतदान हुआ था, रविवार 19 जुलाई को मतगणना के आधार पर प्राप्त अनौपचारिक परिणामों में गठबंधन समर्थित प्रत्याशियों ने 20 में से 19 सीटों पर विजय प्राप्त कर नया इतिहास रचा है। अंतिम परिणाम की औपचारिक घोषणा केंद्रीय निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा की जाएगी।

प्रमुख विजेताओं में सहकार भारती के संरक्षक दीनानाथ ठाकुर, इफको के चेयरमैन दिलीप भाई संघाणी, एनसीडीएफआई के चेयरमैन मिनेश शाह, कृभको के चेयरमैन बिपिन पटेल, नैफेड के मोहनभाई कुंडारिया, एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह, विनय कुमार शाही, महाराष्ट्र के प्रवीण दरेकर, कर्नाटक के जी.टी. देवेगौड़ा, मणिपुर की जीना पोत्संगबम, गुजरात के घनश्याम अमीन, उत्तर प्रदेश के धनंजय सिंह, कर्नाटक के एच.के. पाटील, लखनऊ के मुदित वर्मा, बेलगावी के अण्णासाहेब जोल्हे तथा महाराष्ट्र के नकुल कडू सहित अन्य प्रत्याशी शामिल हैं। चुनाव में 10 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया को केंद्र सरकार के मनोनीत प्रतिनिधि के रूप में नामांकित किया गया है।

चुनाव अभियान में सहकार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदय जोशी, राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया, संरक्षक दीनानाथ ठाकुर, संगठन मंत्री संजय पाचपोर, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष तथा एनडीडीबी के उपाध्यक्ष कुलदीप चेहल सहित वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। सहकार भारती एवं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ ने ऐतिहासिक विजय को देश के सहकारिता आंदोलन की मजबूती और सहकारिता संस्थाओं में सुशासन, पारदर्शिता तथा जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

सम्बन्धित खबरें