सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया क्षेत्र में विकास कार्यों की वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की समीक्षा

  • Admin
  • Oct 29, 2026
  • 2,448 views

 

132 केवी विद्युत परियोजना, अमृत मिशन, नर्सिंग कॉलेज, 100 बिस्तरों के अस्पताल और सड़कों की वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने की समीक्षा

रायपुर 29 अक्टूबर 2026। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया अंचल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और स्वीकृत परियोजनाओं को गति देते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बिजली, पेयजल और अमृत मिशन के कार्यों की समीक्षा

बैठक में राजपुर 132 केवी विद्युत परियोजना, अमृत मिशन के तहत चल रहे कार्यों तथा क्षेत्र में जल स्तर से जुड़ी स्थिति और समस्याओं पर चर्चा की गई। चौधरी ने संबंधित विभागों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और सामने आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। जिन स्वीकृत कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए गए। सरिया क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और उनकी अद्यतन जानकारी उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया।

नर्सिंग कॉलेज, अस्पताल और सड़कों की गुणवत्ता पर जोर

समीक्षा बैठक में नर्सिंग कॉलेज की निर्माण प्रक्रिया और 100 बिस्तरों के अस्पताल के निर्माण कार्य की स्थिति पर भी चर्चा हुई। वित्त मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और कार्यों की प्रगति की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा।

अधिकारियों को अद्यतन जानकारी और अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सारंगढ़, तहसीलदार सरिया एवं बरमकेला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सरिया सहित जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, विद्युत विभाग और सीएसईबी के संबंधित अधिकारियों को सरिया क्षेत्र में चल रहे कार्यों की अद्यतन जानकारी और आवश्यक अभिलेखों के साथ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।