पं. नेहरू मेडिकल कॉलेज में एनिग्मा 9.0 का पुरस्कार वितरण, खिलाड़ियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल से किया सम्मानित

  • Admin
  • Oct 27, 2026
  • 9,699 views

स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया रहे मुख्य अतिथि, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। 

पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में वार्षिक खेल समारोह ‘एनिग्मा 9.0’ के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय के खेल मैदान में हुए कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में चिकित्सा शिक्षा विभाग के पूर्व संचालक एवं ऑर्थोपेडिक्स विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सुबीर मुखर्जी तथा विशेष अतिथि के रूप में महाविद्यालय के एनाटॉमी विभाग के पूर्व प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. माणिक चटर्जी उपस्थित रहे।

महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी और अंबेडकर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कार्यक्रम की मेजबानी की। आयोजन में स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष डॉ. एसबीएस नेताम, स्पोर्ट्स कमेटी के अध्यक्ष डॉ. विवेक पात्रे और सह-अध्यक्ष डॉ. प्रदीप चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खेल समिति में डॉ. राजेंद्र अहिरे, डॉ. करिश्मा सिंह, डॉ. कुशल चक्रवर्ती और डॉ. नागेंद्र सिंह सोनवानी शामिल रहे। छात्र समिति की ओर से स्पोर्ट्स सेक्रेटरी अर्चिकांगे और आलोक राज चेल्के ने आयोजन संबंधी जिम्मेदारियां संभालीं।

इनडोर, आउटडोर और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह

‘एनिग्मा 9.0’ के तहत इनडोर गेम्स, एथलेटिक्स और आउटडोर स्पोर्ट्स की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनडोर खेलों में शतरंज, टेबल टेनिस, कैरम और बैडमिंटन के मुकाबले हुए। एथलेटिक्स में 100 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और जेवलिन थ्रो आयोजित किए गए। वहीं, आउटडोर स्पर्धाओं में खो-खो, फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल के मुकाबले हुए। विभिन्न बैच के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खेल अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं : अमित कटारिया

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अमित कटारिया ने कहा कि व्यस्त कार्यक्रम और एक आवश्यक बैठक होने के बावजूद उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करने के उद्देश्य से समारोह में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009 में रायपुर नगर निगम के आयुक्त रहते हुए भी वे महाविद्यालय के खेल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

कटारिया ने कहा कि खेल महाविद्यालयीन जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ हार को स्वीकार करने और उससे उबरने की क्षमता भी पैदा करते हैं। जीत से मिलने वाला आनंद और संतुष्टि खेलों को विशेष बनाते हैं। उन्होंने अपने खेल अनुभवों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में खेलों की भूमिका समझाई।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में इन खिलाड़ियों ने हासिल किया पहला स्थान

प्रतियोगिताओं के परिणामों में शतरंज के छात्र वर्ग में अभिषेक राजवाड़े और छात्रा वर्ग में डॉ. हिमानी बंजारे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। टेबल टेनिस पुरुष एकल में डॉ. मनीष साहू और महिला एकल में डॉ. मनीषा टोप्पो विजेता रहे। कैरम महिला एकल में डॉ. हर्षिता तलांडी और पुरुष एकल में डॉ. वैभव साहू ने जीत दर्ज की। बैडमिंटन पुरुष एकल वर्ग में डॉ. आदित्य जैन विजेता रहे।

एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ में पुरुष वर्ग से कर्णिक ठाकुर और महिला वर्ग से गरिमा दर्रो ने प्रथम स्थान हासिल किया। शॉटपुट के महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल विजेता रहीं। उन्होंने महिला वर्ग के डिस्कस थ्रो में भी पहला स्थान प्राप्त किया। लॉन्ग जंप महिला वर्ग में वर्षा बघेल ने बाजी मारी। जेवलिन थ्रो के पुरुष वर्ग में डॉ. श्रवण कुमार पैकरा और महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल विजेता रहीं।

टीम स्पर्धाओं में 2021 और 2022 बैच का दबदबा

टीम स्पर्धाओं में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फुटबॉल पुरुष वर्ग में 2022 बैच की टीम ए विजेता रही। बास्केटबॉल पुरुष वर्ग में 2022 बैच और महिला वर्ग में 2021 बैच ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी के पुरुष एवं महिला वर्ग में 2022 बैच की टीमों ने जीत दर्ज की।

क्रिकेट के पुरुष वर्ग में 2022 बैच और महिला वर्ग में 2021 बैच विजेता रहा। वहीं, वॉलीबॉल के पुरुष एवं महिला वर्ग में 2021 बैच की टीमों ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन और सामूहिक प्रयास का परिचय दिया।

सम्बन्धित खबरें