राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत किसानों को निःशुल्क मिनीकिट बीजों का वितरण

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत किसानों को निःशुल्क मिनीकिट बीजों का वितरण

एल नीनो की चुनौतीयों से निपटने दलहन और तिलहन फसलों को बढ़ावा

बलरामपुर, 13 जुलाई 2026/

         कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किसानों की आय में वृद्धि, फसल विविधीकरण तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के अनुरूप टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले में लगातार नवाचारपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत विभिन्न विकासखंडों में किसानों को निःशुल्क उन्नत दलहनी बीजों का वितरण किया जा रहा है।
       विकासखंड वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत वीरेंद्रनगर एवं चांदी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कुल 77 किसानों को उन्नत किस्म के अरहर बीज निःशुल्क वितरित किए गए। इसी प्रकार विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत टांगरमहरी,                    सरनाडीह एवं दहेजवार में किसानों को अरहर, मूंग एवं उड़द मिनीकिट बीजों का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने योजना का लाभ लिया।
      कार्यक्रमों के दौरान किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, वैज्ञानिक खेती की आधुनिक तकनीकों, संतुलित पोषण प्रबंधन तथा दलहनी फसलों के उत्पादन बढ़ाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
       इस वर्ष अल नीनो के संभावित प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए कृषि विभाग द्वारा किसानों को अल्पावधि की धान किस्मों के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे अनिश्चित वर्षा की स्थिति में भी किसानों का जोखिम कम होगा, जल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा तथा कृषि उत्पादन में स्थिरता बनी रहेगी। साथ ही दलहन उत्पादन बढ़ने से किसानों की आय में वृद्धि और पोषण सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
      कृषि अधिकारियों ने किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान किया।

सम्बन्धित खबरें