उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान में पौधा लगाया

मां के नाम लगाया पौधा, हरियाली का बनेगा संकल्प: जगदलपुर में 2500 से ज्यादा पौधे लगेंगे

 

राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर और किनारों पर बढ़ेगी हरियाली

जगदलपुर, 10 सितंबर। मां के सम्मान में लगाया गया हर पौधा प्रकृति संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। इसी भावना के साथ जगदलपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को जनजातीय गौरव वाटिका कुम्हड़ाकोट में हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधारोपण कार्यक्रम के तहत पौधा लगाया।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी अभियान के तहत पौधारोपण किया।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर 2500 से अधिक पौधे

अरुण साव ने बताया कि जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 2500 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। नगर निगम और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर और किनारों पर पौधे लगाए जाने से शहर में हरियाली बढ़ेगी। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जगदलपुर की सुंदरता भी निखरेगी।

पर्यटन बढ़ा, शहर को हरित बनाना जरूरी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास का वातावरण बनने से देश-दुनिया से पर्यटकों का आगमन बढ़ रहा है। ऐसे में जगदलपुर को सुंदर, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने के लिए हरित वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने पौधारोपण की इस पहल के लिए वन विभाग और जगदलपुर नगर निगम को बधाई दी।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।