छह राज्यों के 150 युवाओं से मिले उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का किया आह्वान

  • Admin
  • Nov 23, 2026
  • 1 views

‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत सप्ताहभर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, इतिहास और विकास से हुए रू-ब-रू

युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, कहा- आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना से मिलती है मंजिल

रायपुर, 23 नवंबर 2026। 

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के युवाओं ने मुलाकात की। भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से कुल 150 युवा छत्तीसगढ़ आए हुए हैं। सात दिवसीय प्रवास के दौरान इन युवाओं ने प्रदेश की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक वैभव और विकास को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन उन्होंने नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अरुण साव से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसके नेतृत्व की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। देश के युवाओं में वह योग्यता, क्षमता और आत्मविश्वास है, जिससे भारत को दुनिया में अग्रणी बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव के प्रति सम्मान रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सात दिनों के ‘वंदे मातरम शिविर’ से युवा केवल अनुभव लेकर नहीं, बल्कि जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी लेकर लौट रहे हैं। यहां मिले अनुभव उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने की ताकत और आत्मविश्वास देंगे। सात दिनों में युवाओं ने 200 दोस्त ही नहीं बनाए, बल्कि देशभर में 200 नए परिवारों से रिश्ते भी जोड़े हैं। यही आत्मीयता, स्नेह और आपसी जुड़ाव भारत की वास्तविक ताकत है।

विविधता में एकता ही भारत की पहचान

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विशेषता उसकी विविधता में एकता है। देश में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन इन विविधताओं के बावजूद हम सब एक हैं। भाषा और भूगोल कभी हमारी एकता की सीमा नहीं रहे। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करना ही ‘वंदे मातरम शिविर’ का मूल उद्देश्य है। युवाओं के बीच आपसी जुड़ाव और देश के प्रति समर्पण जितना मजबूत होगा, भारत उतना ही सशक्त बनेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने की सबसे बड़ी शक्ति आज का युवा है। यदि युवा एकजुट होकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए कार्य करें, तो भारत को विश्व गुरु बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ अपने देश की संस्कृति, सभ्यता, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं का ज्ञान होना भी आवश्यक है। नई शिक्षा नीति में इन विषयों के समावेश से युवाओं में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान बढ़ेगा। देश की समृद्ध विरासत और आधुनिक पीढ़ी की प्रतिभा मिलकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।

आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष से मिलती है सफलता

युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए साव ने कहा कि जीवन में हर कदम पर चुनौतियां आती हैं। सफलता उसी को मिलती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस हो। निराशा और कठिनाइयों से घबराने के बजाय संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफल होता है। उन्होंने युवाओं से शिविर से मिली ऊर्जा, उत्साह और वंदे मातरम की भावना को जीवनभर बनाए रखने का आह्वान किया। इस दौरान मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी मौजूद थे।

आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय और सिरपुर का किया भ्रमण

मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय ‘वंदे मातरम शिविर’ में छह राज्यों के कुल 150 युवाओं ने भागीदारी की। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा-भाव और आधुनिक जीवन-कौशल को विकसित करने के साथ डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे समसामयिक विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के अनुरूप शिविर में विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खानपान और परंपराओं को भी मंच दिया गया।

सप्ताहभर के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इसके साथ ही सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और विधानसभा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक वैभव और विकास को करीब से जाना। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक-दूसरे के राज्यों की संस्कृति को भी समझा।

युवाओं ने रायपुर स्थित ‘सियान गुड़ी’ (वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह) का भ्रमण कर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराध और उद्यमिता पर आयोजित संवादात्मक सत्रों के माध्यम से उन्हें जागरूक किया गया।

छत्तीसगढ़ भ्रमण के दौरान युवाओं ने जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह) की झलकियां देखीं। इसके अलावा रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव में अलग-अलग राज्यों के व्यंजनों के माध्यम से देश की विविध संस्कृतियों और परंपराओं को जाना-समझा।

सम्बन्धित खबरें