एक्शन में सीएम मोहन : 17 सितंबर से सेवा-संकल्प अभियान, एक माह तक MP में होंगे जनभागीदारी के कार्यक्रम

 

मोदी के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत, दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य

भोपाल, 14 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा-संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास के दीपक का प्रकाश देशभर में फैल रहा है। यह सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्षों के उजास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान को ग्राम और नगर स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाए। सभी कार्यक्रमों की पूर्व तैयारी के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय कर प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। प्रयास किया जाए कि इस अवसर पर मध्यप्रदेश दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड कायम करे। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय तथा सभी संबंधितों की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महाकाल महालोक समेत गांव-गांव में एक साथ जलेंगे दीप

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री उज्जैन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रदेश के सभी लाभार्थी परिवारों और संस्थाओं को भी दीप प्रज्ज्वलन में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी दिन सभी स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। रक्त संग्रह, परिवहन और संग्रहण की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय होंगे।

चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं से जुड़ेंगे विद्यार्थी

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 19 से 26 सितंबर तक जिलास्तर पर तथा 4 और 5 अक्टूबर को राज्यस्तर पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें शासकीय और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों की भागीदारी होगी। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह होंगे।

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ गतिविधि 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी। इसके तहत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को दी गई है।

आंगन मिलन सेवा से माताओं और बच्चों तक पहुंचेगा संदेश

‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनबाड़ियों में किया जाएगा। बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल सामग्री और पठन सामग्री की व्यवस्था होगी। आंगनबाड़ियों में मुख्यमंत्री की अपील का वीडियो भी महिलाओं और बच्चों को दिखाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता से संबंधित जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम की राज्य प्रभारी महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया होंगी।

योजनाओं से बदली जिंदगी की कहानियां होंगी साझा

‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जिन हितग्राहियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, उनके संदेश आभार स्वरूप जारी किए जाएंगे। कार्यक्रम की राज्य प्रभारी नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी होंगी।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। इसमें जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा और जिले में हुए विकास कार्यों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग होंगे।

प्रदेशभर से गुजरेगी सेवा यात्रा

‘बड़नगर (गुजरात)-वाराणसी सेवा यात्रा’ 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी और प्रदेश के सभी जिलों से गुजरेगी। इसके प्रभारी लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल होंगे।

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगा। समाज के सभी वर्गों और संस्थाओं की सहभागिता से विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह होंगे।

सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

‘सेवा सेतु अभियान’ 2 से 10 अक्टूबर तक चलेगा। विकासखंड स्तर और नगरीय निकायों में जोनवार शिविर लगाए जाएंगे। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही दिया जाएगा। अभियान को जनविश्वास अभियान से भी जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल होंगे।

छह शहरों में बनेगी ह्यूमन रंगोली

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में बड़े पैमाने पर जनसहभागिता से ह्यूमन रंगोली बनाई जाएगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान होंगे।

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 12 अक्टूबर को होगा, जिसमें इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स शामिल होंगे। इसकी जिम्मेदारी औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राकेश शुक्ला को दी गई है।

दिल्ली में होगा सुशासन सेवा संवाद

‘सुशासन सेवा संवाद’ का राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के पंच और सरपंच शामिल होंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल होंगे।

‘25 साल-25 कहानियां’ कार्यक्रम के तहत सभी जिलों में गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों को केंद्र सरकार से प्राप्त होने वाली किट्स भेंट की जाएंगी। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार होंगे।

वहीं ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा इन्फ्लुएंसर एक्सचेंज’ कार्यक्रम के तहत अन्य राज्यों से प्रदेश में आए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स विभिन्न जिलों का भ्रमण करेंगे। कार्यक्रम के राज्य प्रभारी उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार होंगे।

हितग्राहियों की सुविधा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु मेगा शिविरों की विकासखंडवार और जोनवार तैयारियां समय पर पूरी करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के आवागमन, भ्रमण और भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

समत्व भवन में हुई समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, निर्मला भूरिया, विश्वास सारंग, नागर सिंह चौहान, राकेश शुक्ला, इंदर सिंह परमार और राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल वर्चुअली शामिल हुए। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी संभागायुक्त और जिला कलेक्टर भी वर्चुअली बैठक से जुड़े।

सम्बन्धित खबरें