सीएम मोहन ने दिए बच्चों की उड़ान को पंख, नरसिंहपुर को 175 करोड़ की सौगात; 540 करोड़ से सुधरेगा नरसिंहपुर-पिपरिया मार्ग

  • Admin
  • Oct 11, 2026
  • 17,957 views

 

42.52 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, 15 बसों से शुरू हुई सेवा; 35.56 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में पहुंचे 213.41 करोड़ रुपये
नरसिंहपुर, 11 अक्टूबर। बच्चों और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के साथ विकास कार्यों को गति देने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने नरसिंहपुर को शिक्षा, सड़क, नगरीय सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी बड़ी सौगातें दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को 42.52 करोड़ रुपये की लागत से बने शासकीय सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया और 15 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर बस सेवा शुरू की। इस अवसर पर जिले में 175.14 करोड़ रुपये की लागत के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर से पिपरिया मार्ग के उन्नयन के लिए 540 करोड़ रुपये देने, नगर वन विकसित करने, गीता भवन बनाने, खैरीनाका से रेलवे स्टेशन तक पक्की सड़क बनाने और नर्मदा के बरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित करने की घोषणाएं भी कीं। साथ ही प्रदेश के 35.56 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के बैंक खातों में एक क्लिक से 213.41 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

‘बच्चे हमारे सुनहरे भविष्य के सितारे, तरक्की में नहीं आने देंगे बाधा’

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बच्चे और युवा देश-प्रदेश के भावी कर्णधार और सुनहरे भविष्य के चमकते सितारे हैं। उनकी शिक्षा, प्रतिभा को प्रोत्साहन देने और तरक्की के रास्ते में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। राज्य सरकार आधुनिक शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश में विकास का कारवां निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

गुरुकुल परंपरा का आधुनिक रूप हैं सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु हों तो सांदीपनि जैसे, शिष्य हों तो कृष्ण जैसे और मित्रता हो तो कृष्ण-सुदामा जैसी। सांदीपनि विद्यालय प्राचीन गुरुकुल शिक्षा पद्धति और गुरु-शिष्य परंपरा का आधुनिक स्वरूप हैं। सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यालयों में आधुनिक भवन, स्कूल बस, पुस्तकें, गणवेश और साइकिल जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की जा रही है। उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने के समान अवसर देना है।

मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास से पूरे करें सपने

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की भावना जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी में सफलता हासिल करने की क्षमता है और सही दिशा में किए गए प्रयास मंजिल तक पहुंचाते हैं।

बहनों को 1,500 रुपये, किसानों को समर्थन; जरूरतमंदों के कल्याण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की सहायता दी जा रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि और ग्रामीण परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार ने 50 लाख संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का संकल्प लिया है। प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, अधोसंरचना और औद्योगिक विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और आने वाले समय में वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।

नरसिंहपुर-पिपरिया मार्ग पर 540 करोड़ खर्च होंगे

मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर से पिपरिया मार्ग के उन्नयन के लिए 540 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। नरसिंहपुर में नगर वन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। नगरपालिका क्षेत्र में खैरीनाका से रेलवे स्टेशन तक पक्की और सुसज्जित सड़क बनाई जाएगी तथा नगर में गीता भवन का निर्माण होगा। नर्मदा नदी के बरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। जिले के सभी विकासखंडों में पशुपालकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वालों को क्रमश: एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

50 गांवों में नल से जल, 95 करोड़ के 21 कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरसिंहपुर को जबलपुर महानगरीय क्षेत्र का लाभ मिलेगा। जिले के 50 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत 23.17 करोड़ रुपये की लागत से नल से जल पहुंचाने की सुविधा विकसित की जा रही है। जिले में चार सड़कों और शासकीय हाईस्कूल कल्याणपुर का लोकार्पण भी किया गया। इसके अतिरिक्त लगभग 95 करोड़ रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ।

2027 युवा वर्ष, पीएससी की दो परीक्षाएं; एक लाख से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि अगले वर्ष राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगी। प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां की गई हैं और जल्द ही एक लाख से अधिक नए पदों पर भर्ती की जाएगी। अगले वर्ष प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे, जिससे चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे।

स्कूलों में ड्रॉपआउट दर शून्य पर आने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सांदीपनि विद्यालय शुरू किए गए हैं। ये विद्यालय भगवान श्रीकृष्ण के शिक्षाकाल की याद दिलाते हैं। कृष्ण-सुदामा की मित्रता से प्रेरणा लेकर मित्रों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। सांदीपनि विद्यालय और बस सेवा शुरू होने से बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि शासकीय स्कूलों में ड्रॉपआउट दर, जो पहले 14 प्रतिशत से अधिक थी, अब शून्य पर आ गई है। सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम हो रहा है।

नर्मदा की धरती को बताया संतों और महापुरुषों की तपस्थली

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरसिंहपुर की पवित्र धरती को मां नर्मदा का विशेष स्नेह मिला है। यह आदिगुरु शंकराचार्य की तपस्थली और महर्षि महेश योगी की ध्यानस्थली रही है। वीरांगना रानी दुर्गावती की कर्मस्थली और आचार्य रजनीश ओशो का भी नरसिंहपुर से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब भक्त संकट में होते हैं, तब भगवान नरसिंह अवतार लेकर दुष्टों का विनाश करते हैं।

एशियाई खेलों में मध्यप्रदेश के पांच स्वर्ण सहित 11 पदक

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। एशियाई खेल-2026 में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने 11 पदक हासिल किए, जिनमें पांच स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत मोबाइल विनिर्माण के क्षेत्र में अग्रणी राष्ट्र बन चुका है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है और देश को वैश्विक स्तर पर शीर्ष स्थान तक पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।

नक्सलवाद और दस्यु समस्या पर सरकार की कार्रवाई का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जिले लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे, जिससे वहां विकास की स्थिति खराब हुई। राज्य सरकार की प्रतिबद्धता से प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गई है। चंबल क्षेत्र में दस्यु समस्या का भी समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल के नेतृत्व में जल संरक्षण और नल जल योजना के अंतर्गत 10 हजार करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य किए गए हैं। पात्र हितग्राहियों को ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना का लाभ मिल रहा है और प्रदेश के किसानों को नदी जोड़ो अभियान का लाभ मिलेगा।

पांच लाख किलोमीटर सड़क नेटवर्क, भोपाल-इंदौर में मेट्रो

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब पांच लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है। भोपाल और इंदौर में मेट्रो ट्रेन चल रही है। नए हवाई अड्डों के विकास से हवाई संपर्क बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रीवा, सतना और दतिया को हवाई अड्डों की सौगात मिली है। राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए काम कर रही है। इस वर्ष किसानों को गेहूं खरीदी पर 2,625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया गया।

375 सांदीपनि विद्यालय तैयार, वित्तीय प्रबंधन से विकास को गति

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि नरसिंहपुर के बच्चों को भव्य सांदीपनि विद्यालय भवन की सौगात मिली है। प्रदेश में 375 सांदीपनि विद्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं। विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी और साइकिलें दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिले को विकास की अनेक सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का विकास बेहतर वित्तीय प्रबंधन के बिना संभव नहीं है। मध्यप्रदेश सरकार ने नीतियों और प्रबंधन में सुधार करते हुए इस वर्ष साढ़े चार लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने सुगम परिवहन के लिए बसों की सौगात दी है, जिनसे स्कूली बच्चों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
नर्मदापुरम के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण बच्चों के स्वर्णिम भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश कृषि, उद्योग और तकनीक सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और कृषि क्षेत्र में प्रदेश नए रिकॉर्ड बना रहा है। पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहे हैं। नशे के खिलाफ अभियान चलाकर युवाओं को नशे से बचाने के लिए कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर गन्ना किसानों का जिला है और किसानों को गन्ने का उचित मूल्य मिल रहा है।

हितग्राहियों को रजिस्ट्री, डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण के लिए सहायता

कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। राजस्व विभाग की स्वामित्व पंजीयन योजना के अंतर्गत बृजेश कुमार, कमल सिंह पटेल, आशीष कुमार जाट, जितेन्द्र सिंह जाट, सरोज साहू, गिरधारी साहू, पूरन लाल, टीकाराम दुबे, भूपेन्द्र सिंह जाट, रामचरन जाट, सालिगराम, दीपप्रसाद श्रीवास्तव, विष्णु प्रसाद श्रीवास्तव, गेंदालाल, अनुप कुमार, तोड़ल काछी, विकास, राकेश जाट, अशोक कुमार और रघुवीर श्रीवास्तव को ई-रजिस्ट्री प्रदान की गई।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अंतर्गत प्रशांत कुर्मी को दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र के लिए 51 लाख रुपये की सहायता दी गई। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत देवेश जाट को 42 लाख और संदीप मिश्रा को 36 लाख रुपये का हितलाभ दिया गया। उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के तहत राजजीत धनोरिया को 22 लाख और सत्यम सोनी को 9.35 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। आजीविका मिशन के अंतर्गत ऋण-सहायता वितरण में लीलावती जाटव, साधना शर्मा, रोशनी मेहरा और लक्ष्मी कुशवाहा से संबंधित रेवा, अदिति, परी और राधा स्वयं सहायता समूहों को लाभ दिया गया।

विद्यालय की सुविधाओं का निरीक्षण, रक्तदान शिविर और पोषण प्रदर्शनी में हुए शामिल

मुख्यमंत्री ने सांदीपनि विद्यालय के नए भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं, पुस्तकालय, संगीत कक्ष, प्रयोगशाला और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर और पोषण प्रदर्शनी में भी शामिल हुए। इस दौरान वृद्धजनों का सम्मान किया और जरूरतमंद विद्यार्थियों को सामग्री भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विधायक महेंद्र नागेश, महिला आयोग की सदस्य साधना स्थापक, देवीसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति नीलेश काकोडिया, रामस्नेही पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।