खारुन तट पर सवा लाख दीपों से गूंजा आशीर्वाद, सीएम साय की मौजूदगी में पीएम मोदी के दीर्घायु जीवन की हुई महाआरती

  • Admin
  • Sep 17, 2026
  • 16,858 views

 

महादेव घाट पर विराट दीपोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हुए शामिल, सेवा संकल्प अभियान के तहत महीनेभर होंगे जनसेवा के आयोजन

रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट गुरुवार शाम सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के पावन तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। श्रद्धा, आस्था और जनभागीदारी के इस आयोजन में खारुन मैया की विधि-विधान से महाआरती की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक परिवर्तन देखे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दिन-रात देशवासियों की सेवा में जुटे हैं और भारत विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

खारुन तट पर दीपों के जरिए व्यक्त हुआ जनभाव

महादेव घाट पर प्रज्वलित सवा लाख दीपों को मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रति छत्तीसगढ़वासियों के स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।

विराट दीपोत्सव के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों ने खारुन मैया की महाआरती कराई। मुख्यमंत्री ने भी इसमें सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का विमोचन भी किया गया।

अनुच्छेद 370 से राम मंदिर तक ऐतिहासिक बदलावों का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने ऐसे कई ऐतिहासिक निर्णय और परिवर्तन देखे हैं, जिनकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधान हटाने से लेकर अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने तक देश ने नए आत्मविश्वास और सामर्थ्य का अनुभव किया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में लिए गए बड़े और दूरगामी निर्णयों से विकास और जनकल्याण की गति तेज हुई है। भारत आज विश्व मंच पर अधिक आत्मविश्वास और सामर्थ्य के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए शासन का केंद्र गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। गरीब परिवारों को पक्का आवास, घर-घर शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन, खाद्यान्न सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया है।

प्रधानमंत्री के साथ काम करने का अनुभव भी साझा किया

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री के साथ अपने कार्य अनुभव को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें उनकी सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने तक नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा और सुशासन को समर्पित रहे हैं।

छत्तीसगढ़ और बस्तर के विकास पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। प्रदेश के विकास को केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन मिला है। उनकी विकास दृष्टि में छत्तीसगढ़, विशेषकर जनजातीय और दूरस्थ अंचलों के विकास को महत्वपूर्ण स्थान मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से छत्तीसगढ़ ने माओवादी हिंसा के विरुद्ध निर्णायक सफलता हासिल की है। वर्षों तक हिंसा और पिछड़ेपन का दंश झेलने वाले बस्तर में अब शांति और विकास के नए द्वार खुले हैं। सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि शांति के वातावरण में बस्तर की प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था की संभावनाओं को स्थानीय लोगों की समृद्धि और रोजगार से जोड़ा जाए।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का अवसर है।

छत्तीसगढ़ में अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

रायपुर में करीब 32 लाख दीपों से शुभकामनाओं का संदेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीप आशा, विश्वास, सकारात्मकता और प्रकाश का प्रतीक है। महादेव घाट पर प्रज्वलित प्रत्येक ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक है।

उन्होंने विराट दीपोत्सव एवं महाआरती के आयोजन के लिए आयोजकों, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों को बधाई दी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं संयोजक लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, कौशल्या साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, राज्य फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।