JPSC-JSSC के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर बर्बर लाठीचार्ज शर्मनाक – विद्यार्थी परिषद

रांची, झारखंड। 10 अगस्त 2026

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने झारखंड में JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में व्याप्त अनियमितताओं के विरुद्ध आंदोलनरत विद्यार्थियों पर झारखंड पुलिस द्वारा किए गए बलप्रयोग की निंदा की। परिषद ने कहा कि अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर विधानसभा की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा वॉटर कैनन का प्रयोग एवं लाठीचार्ज किया गया तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को गिरफ्तार किया गया। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े गंभीर प्रश्नों का समाधान करने के बजाय उनके लोकतांत्रिक आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास झारखंड सरकार के विद्यार्थी विरोधी चरित्र को पुनः उजागर करता है। साथ ही, जो कांग्रेस देश के अन्य राज्यों में विद्यार्थियों के अधिकारों एवं लोकतांत्रिक आंदोलनों की दुहाई देती है, उसका झारखंड में सत्ता में सहभागी रहते हुए विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज एवं वॉटर कैनन के प्रयोग पर मौन रहना उसके दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के समाचार सामने आने के बाद अभाविप ने विद्यार्थियों के हित में सबसे पहले राज्यपाल को विस्तृत ज्ञापन सौंपा, विभिन्न शैक्षिक संस्थानों एवं नगरों में हस्ताक्षर अभियान चलाया तथा राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए। अभाविप ने पूर्व में ही स्पष्ट किया था कि वह आंदोलनरत विद्यार्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके न्यायोचित अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी। इसी क्रम में पूर्व में आयोजित शांतिपूर्ण छात्र मार्च के दौरान पुलिस ने अभाविप के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी सहित दर्जनों अभाविप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था।

अभाविप ने मांग की कि JPSC एवं JSSC की जिन परीक्षाओं की निष्पक्षता संदिग्ध हो चुकी है, उन्हें तत्काल रद्द कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से पुनः आयोजित किया जाए। विद्यार्थियों पर किए गए बलप्रयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा प्रश्न पत्र लीक एवं परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक तकनीकी, प्रशासनिक एवं संस्थागत सुधार सुनिश्चित किए जाएं।

अभाविप ने विद्यार्थियों पर हुए बलप्रयोग के विरोध में 11 अगस्त को विधानसभा घेराव का आह्वान किया है। अभाविप के नेतृत्व में हज़ारों विद्यार्थी पुराने विधानसभा तिनकोनिया ग्राउंड से विधानसभा तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण मार्च करेंगे और सरकार के समक्ष अपनी न्यायोचित मांगें रखेंगे।

विद्यार्थियों की आवाज को लाठी, वॉटर कैनन और गिरफ्तारी के माध्यम से दबाया नहीं जा सकता। विद्यार्थियों के भविष्य, परीक्षा की पारदर्शिता और न्यायपूर्ण भर्ती व्यवस्था के लिए अभाविप पूरी मजबूती से विद्यार्थियों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों के समाधान तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि, “JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में अपने भविष्य की चिंता को लेकर विधानसभा की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे विद्यार्थियों पर जिस प्रकार लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का प्रयोग किया गया, वह अत्यंत निंदनीय एवं शर्मनाक है। विद्यार्थियों के साथ-साथ मीडिया कर्मियों पर भी कार्रवाई किया जाना सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है। झारखंड सरकार जब तक संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित नहीं करती, तब तक अभाविप विद्यार्थियों के न्यायोचित अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखेगी।”

 

 

 


 

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।