छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र, 14 जिलों में मिलेगी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती

  • Admin
  • Oct 27, 2026
  • 5,883 views

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवनियुक्त कर्मचारियों से सेवाभाव और संवेदनशीलता के साथ काम करने का किया आह्वान

स्टाफ नर्स के 208 और ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक के 189 पदों पर नियुक्ति, जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं

रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। 

छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आम नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण उपचार की पहुंच बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में सेवाएं देंगे। इन नियुक्तियों से विशेष रूप से जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और प्रत्येक नागरिक तक बेहतर उपचार पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सेवाभाव, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी जरूरी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सेवा का अवसर मिलना अपने आप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अस्पताल आने वाला प्रत्येक मरीज और उसका परिवार स्वास्थ्यकर्मियों से बड़ी आशा और विश्वास रखता है। ऐसे में कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल शासकीय दायित्वों तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और सेवा भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि रोगियों की सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। स्वास्थ्यकर्मी अपनी ड्यूटी को केवल नौकरी न समझें, बल्कि जनसेवा का अवसर मानकर ईमानदारी, मनोयोग और समर्पण के साथ कार्य करें। उनके अच्छे व्यवहार और तत्परता से मरीजों तथा उनके परिजनों का स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ से ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। जब नागरिक स्वस्थ होंगे, तभी वे अपनी पूरी क्षमता से परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में योगदान दे सकेंगे। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधन बढ़ाने पर भी लगातार काम कर रही है।

25 वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं का हुआ विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद बीते 25 वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। राज्य सरकार इस प्रक्रिया को और गति देने के लिए नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य अमले को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को आवश्यकता के समय सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। भौगोलिक दूरी किसी भी व्यक्ति के लिए बेहतर इलाज प्राप्त करने में बाधा नहीं बननी चाहिए।

स्टाफ नर्स के 208 और ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक के 189 पद

स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में चयनित 520 अभ्यर्थियों का पदवार विवरण इस प्रकार है:

  • स्टाफ नर्स: 208 पद
  • ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष): 95 पद
  • ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (महिला): 94 पद
  • फार्मासिस्ट: 25 पद
  • वार्ड बॉय: 50 पद
  • वार्ड आया: 48 पद

नवनियुक्त कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में अपनी सेवाएं देंगे। इन नियुक्तियों से संबंधित जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन 14 जिलों में अधिकांश जिले जनजातीय बहुल हैं, इसलिए वहां नियुक्त होने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में सेवा देने वाले स्वास्थ्यकर्मी सरकार और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इन क्षेत्रों में संवेदनशीलता और सेवाभाव से किया गया कार्य अनेक परिवारों के जीवन में बदलाव ला सकता है। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी पदस्थापना वाले क्षेत्रों में लोगों के विश्वास पर खरा उतरने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को मिल रहे अवसर

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि 520 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई है। यह नियुक्तियां प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदों पर आवश्यकता के अनुरूप आगे भी भर्तियां की जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से अनुशासन, निष्ठा और सेवाभाव के साथ काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे।

इसके अलावा स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त सह संचालक स्वास्थ्य सेवाएं संजीव झा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

सम्बन्धित खबरें