बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दीनदयाल शोध संस्थान की राहत सेवाएँ लगातार जारी

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दीनदयाल शोध संस्थान की राहत सेवाएँ लगातार जारी

चित्रकूट, सतना। बाढ़ से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा राहत एवं सेवा कार्य लगातार जारी हैं। संस्थान की विभिन्न टीमें प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुँचाने के साथ भोजन प्रसाद, स्वास्थ्य सेवाएँ, पशु चिकित्सा, पेयजल उपलब्ध कराने और बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वेक्षण करने में जुटी हुई हैं।

संस्थान की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट वितरित की जा रही हैं। साथ ही जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन प्रसाद वितरण, स्वास्थ्य शिविर और पेयजल सेवा भी संचालित की जा रही है। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में संस्थान द्वारा टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिल सके।

दीनदयाल शोध संस्थान के प्रधान सचिव श्री निखिल मुन्डले ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँचकर राहत कार्यों में सहयोग किया और प्रभावित परिवारों से संवाद किया। अभय महाजन, कोषाध्यक्ष वसंत पंडित तथा सह-संगठन सचिव  अनिल अग्रवाल विभिन्न राहत टीमों के समन्वय के साथ स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचकर राहत किट का वितरण कर रहे हैं।

चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। वहीं, ‘नेकी की दीवार’ के माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीणों को कपड़ों का वितरण किया गया।

राहत कार्यों के साथ पशुधन की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र, मझगवां की टीम द्वारा पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उनका टीकाकरण किया गया। इसके अलावा केवीके गनीवां के कृषि वैज्ञानिकों ने प्रभावित गांवों में पहुँचकर बाढ़ से कृषि क्षेत्र को हुई क्षति का आकलन किया। टीम द्वारा पशु टीकाकरण के साथ जरूरतमंद ग्रामीणों को तिरपाल भी उपलब्ध कराए गए।

संस्थान के कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूरी तत्परता और उत्साह के साथ सेवा कार्यों में जुटे हैं। समाज के सहयोग तथा प्रशासन के साथ समन्वय से राहत एवं सेवा गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

 संस्थान का प्रयास है कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनकी सामान्य जीवन-व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने में हरसंभव सहयोग दिया जाए।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।