जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: लक्ष्मी राजवाड़े

ओड़गी में विकास कार्यों की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की समीक्षा

 

सूरजुर  3 सितंबर 2026। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ओड़गी में विकासखंड स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक लेकर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

ओड़गी जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री राजवाड़े ने विभागवार योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले, इसके लिए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने पर जोर देते हुए अधिकारियों से कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही आमजन से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

आपसी समन्वय से हो ग्रामीण विकास

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे, इसके लिए अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निभाएं।

बैठक में विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्रमणि पैकरा, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।