राष्ट्रपति से भेंट कर लौटे प्रतिभावान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री साय से की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति भवन की अपनी यात्रा और राष्ट्रपति से हुए आत्मीय संवाद के अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु से मिलना उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने सहजता और आत्मीयता के साथ उनसे बातचीत करते हुए उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई जारी रखने तथा बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने CWSN विद्यार्थी नुकेश को बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट और संवाद का अवसर मिला था। इस दौरान राष्ट्रपति ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह आत्मीय स्नेह नुकेश सहित वहां उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अविस्मरणीय स्मृति बन गया।

राष्ट्रपति भवन में दिखी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति

विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक प्रस्तुत की। छात्राओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। गीत-संगीत और लोक परंपराओं से सजी इस प्रस्तुति की राष्ट्रपति ने सराहना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह विशेष प्रसन्नता की बात है कि प्रदेश के बच्चों ने राष्ट्रपति भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभा के साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी परिचय कराया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे आत्मसात कर देश के प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो परंपराओं को नई ऊर्जा और व्यापक पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभवों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को बड़ा रखें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी उपलब्धियों से परिवार, प्रदेश और देश को गौरवान्वित करें।

राष्ट्रपति से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे। इस अवसर पर राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर डॉ. मुक्ति बैस तथा शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद के व्याख्याता (भौतिकी) चंद्रशेखर मिथलेश भी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।