हिंदी भवन में ‘पावस व्याख्यानमाला’ एवं सारस्वत अनुष्ठान कार्यक्रम सम्पन्न

हिंदी संवाद की भाषा नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति  : नरेन्द्र सिंह तोमर 

भोपाल, 23 अगस्त 2026 । मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के वार्षिक आयोजन ‘पावस व्याख्यानमाला’ एवं हिंदी भवन न्यास के सारस्वत अनुष्ठान का आयोजन आज हिंदी भवन स्थित पद्मश्री कैलाश पंत सभागार में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के पूर्व मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष  नरेंद्र सिंह तोमर ने वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार पद्मश्री से सम्मानित स्व.कैलाश पंत के नाम पर सभागार के नामकरण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने पद्मश्री कैलाश पंत के हिंदी भाषा, साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान का स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद श्री रघुनन्दन शर्मा,मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के मंत्री संचालक और साहित्य अकादमी मप्र के निदेशक  डॉ. विकास दवे, प्रोफेसर पवन विजय, डॉ. गुरु प्रकाश पासवान, श्री संजय सक्सेना सहित साहित्य एवं संस्कृति जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति है। साहित्य और भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ऐसे आयोजन समाज में वैचारिक समृद्धि और नई पीढ़ी में पुस्तकों एवं साहित्य के प्रति रुचि जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति और हिंदी भवन द्वारा लंबे समय से हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। पद्मश्री कैलाश पंत के नाम पर सभागार का नामकरण उनके साहित्यिक एवं पत्रकारिता योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति एवं हिंदी भाषा के विविध आयामों पर सारगर्भित विचार-विमर्श हुआ तथा उपस्थित साहित्यकारों एवं विद्वानों ने हिंदी के व्यापक प्रसार और साहित्यिक परंपरा को समृद्ध करने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।