अंग्रेज भारत में, भारतवासियों का भला करने तो आए नहीं थे। स्वाभाविकतः दूरदराज के क्षेत्र में न कोई सुविधाएं थीं, न ही शिक्षा की व्यवस्था। इसी के कारण बिरसा मुंडा के पिताजी सुगना मुंडा ने, बिरसा मुंडा को अच्छी शिक्षा मिले, इसलिए मिशनरी स्कूल में दाखिल किया। किंतु इस मिशनरी स्कूल की पहली शर्त थी, ईसाई धर्म अपनाना। वह केवल इसाई विद्यार्थियों को ही पढ़ाते थे। अपने बेटे की अच्छी शिक्षा के लिए सुगना मुंडा ने, परिवार सहित ईसाई धर्म अपनाया।

इधर, मिशन स्कूल में पढ़ते – पढ़ते, बिरसा मुंडा जी को इन मिशनरियों का उद्देश्य, भोले भाले जनजातीय लोगों को बहला फुसला कर ईसाई धर्म में परिवर्तित करने की उनकी साजिश, इन सब को अंग्रेजों का पूर्ण समर्थन, यह अच्छे से समझ में आ गया था। इसलिए, वर्ष 1891 में, मात्र 16 वर्ष की आयु में उनका स्वाभिमान जाग उठा। उनको अपने ‘स्व’ की अनुभूति हुई। बंदगांव में आने पर वह वैष्णव धर्मगुरु आनंद पांडे के संपर्क में आए और ईसाई धर्म को छोड़कर उन्होंने घर वापसी की।

1891 में संघ (आरएसएस) का तो दूर तक नामोनिशान नहीं था। संघ संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार जी की आयु मात्र 2 वर्ष की थी। किंतु अपना ‘स्व’ जागृत होने पर बिरसा मुंडा जी ने हिन्दू धर्म में घर वापसी की।

अब आपका, हमारा, इस देश का दुर्भाग्य देखिए – अंग्रेजों ने बिहार के झारखंड क्षेत्र को ईसाई बनाने में एड़ी चोटी का पसीना बहाया था। ईसाई मिशनरीज को सारी सुख सुविधा दी थी। किंतु वे, इतना सब करने के बाद भी बहुत कम जनजातीय लोगों का धर्म परिवर्तन कर सके।

1947 में स्वतंत्रता मिलने के बाद कांग्रेस का शासन आया। जो काम अंग्रेज न कर सके, वह कांग्रेस के शासन ने कर दिखाया।

1951 की जनगणना में जितने इसाई झारखंड क्षेत्र में थे, उनसे कई गुना ज्यादा 2011 आने तक बन गए। सबसे ज्यादा धर्म परिवर्तन हुआ जवाहरलाल नेहरू जी के प्रधानमंत्री रहते हुए।

दुर्भाग्य से धरती आबा बिरसा मुंडा जी ने जहां पर अपने स्वत्व की, स्वाभिमान की, स्वधर्म की अलख जगाई थी, उलगुलान आंदोलन किया था, उसी सिमडेगा, खुंटी और गुमला जिलों में सबसे ज्यादा धर्म परिवर्तन हुआ है..!

प्रशांत पोळ

Disclaimer : इस लेख/रचना में व्यक्त विचार लेखक के निजी विचार हैं। हर तरह के वाद, विवाद के लिए लेखक व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार हैं।
अपने लेख इस पते पर भेजें :- editatalraag@gmail.com