भारत के विकास के इतिहास में जब-जब कोई ऐसा मील का पत्थर गाड़ा जाता है जो देश को आत्मनिर्भरता और महाशक्ति बनाने की ओर ले जाए, तब-तब इस देश की धरती पर एक अजीब सी बेचैनी और शोर सुनाई देने लगता है। आज रीवा के मनगवां क्षेत्र के रोझोही गांव में जो लगभग 28,000 करोड़ रुपये की विशाल परमाणु ऊर्जा परियोजना प्रस्तावित है, वह केवल बिजली बनाने का एक कारखाना भर नहीं है, बल्कि यह विंध्य की माटी और मध्य प्रदेश के भाग्य को सदा के लिए बदल देने वाला एक महान आर्थिक यज्ञ है। लेकिन विडंबना यह है कि इस पुनीत कार्य के प्रारंभ होते ही कुछ खास किस्म के लोग, जिन्हें हमारे समाज में वैचारिक लाल दीमक कहा जाता है, सक्रिय हो गए हैं। यह वही लोग हैं जो विकास के हर सूर्योदय पर कालिख पोतने का कुत्सित प्रयास करते हैं। रीवा आज जिस तेज गति से निवेश और औद्योगिक प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है, उसे रोकने के लिए इन तत्वों ने एक बार फिर से भय और भ्रम का पुराना जाल बुनना शुरू कर दिया है।

अगर हम इतिहास के पन्नों को पलटकर देखें तो यह प्रवृत्ति नई नहीं है। स्वतंत्रता के बाद हमारे देश में सोवियत संघ की समाजवादी नीतियों के जिस बौद्धिक प्रभाव को रोपा गया, उसने जन-मानस के भीतर एक गहरी मानसिक ग्रंथि पैदा कर दी। लोगों के मन में यह भर दिया गया कि केवल सरकारी नौकरी ही सुरक्षित रोजगार है और जो व्यवसायी, उद्यमी या पूंजीपति है वह मानो चोर या शोषक है। इसी संकीर्ण और विध्वंसक सोच ने बंगाल से लेकर कानपुर, बिहार और उत्तर-पूर्व तक के उन तमाम संपन्न औद्योगिक क्षेत्रों को लील लिया, जो कभी देश के व्यापारिक गौरव हुआ करते थे। बंगाल का उदाहरण हमारे सामने एक खुला घाव है। आजादी के ठीक बाद बंगाल देश का सबसे बड़ा औद्योगिक केंद्र था, लेकिन वहां इन्हीं वैचारिक लाल दीमकों ने मजदूरों को उद्योगपतियों के विरुद्ध भड़काया, अनगिनत हड़तालें कराईं और अंततः बंगाल को उद्योगों से विहीन कर दिया। जो लोग वहां मजदूरों के हितैषी होने का ढोंग कर रहे थे, वे बड़े-बड़े राजनेता, सांसद, विधायक और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार पाने वाले अभिजात वर्ग के लोग बन गए, जबकि बंगाल का अर्थतंत्र रसातल में चला गया। आज स्थिति यह है कि बंगाल से चार-चार लोगों को साहित्य, शांति और अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार मिले—रवींद्रनाथ टैगोर, मदर टेरेसा, अमर्त्य सेन और अभिजीत बनर्जी—लेकिन विडंबना देखिए कि दो-दो अर्थशास्त्र के नोबेल मिलने के बावजूद आज बंगाल का अर्थतंत्र भिखारी बना हुआ है। इसके विपरीत, गुजरात को देखिए जहां एक भी नोबेल नहीं मिला, लेकिन वहां का अर्थतंत्र देश का सबसे मजबूत स्तंभ है जो लाखों बंगालियों को भी आजीविका और रोजगार देता है। यह इस बात का अकाट्य प्रमाण है कि सैद्धांतिक और एजेंडा-प्रेरित पुरस्कारों से देश के चूल्हे नहीं जलते, बल्कि देश का विकास उन कर्मवीर उद्योगपतियों से चलता है जो अपनी मेहनत और जोखिम उठाने की क्षमता से रीढ़ की हड्डी मजबूत करते हैं। देश के शीर्ष उद्योगपतियों की फेरिस्ट उठाकर देखें तो मुकेश अंबानी (लगभग 3,68,900 करोड़ रुपये का योगदान), उदय कोटक (1,01,500 करोड़ रुपये), गौतम अडानी (94,500 करोड़ रुपये), रतन टाटा (58,100 करोड़ रुपये), अजीम प्रेमजी (50,400 करोड़ रुपये), दिलीप संघवी (47,600 करोड़ रुपये), बिमिश चुड़गर (38,200 करोड़ रुपये), सुधीर मेहता (31,800 करोड़ रुपये), करशनभाई पटेल (31,500 करोड़ रुपये), पंकजभाई पटेल (22,200 करोड़ रुपये), चंदूभाई वीरानी (8,500 करोड़ रुपये) और सावजी ढोलकिया (3,700 करोड़ रुपये) जैसे नाम भारत की आर्थिक शक्ति के सच्चे निर्माता हैं, जिन्होंने करोड़ों लोगों के घरों में चूल्हा जलाया है और राष्ट्र निर्माण में अपना सर्वस्व समर्पित किया है। भौतिकी और रसायन विज्ञान के नोबेल विज्ञान की सच्ची कसौटी हो सकते हैं, लेकिन अर्थशास्त्र के वे तथाकथित एजेंडा-प्रेरित पुरस्कार जो जमीन पर एक छोटी सी कंपनी चलाकर सौ लोगों को रोजगार देने की भी औकात नहीं रखते, वे देश की बर्बादी के नुस्खे ही साबित हुए हैं।

अब यही जहरीला खेल मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रोझोही गांव में दोहराया जा रहा है। रीवा ने पिछले 10 से 15 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। यहां बड़े पैमाने पर निजी निवेश आया है और अब यह 28,000 करोड़ रुपये की परमाणु ऊर्जा परियोजना इस क्षेत्र के इतिहास में एक स्वर्णिम मील का पत्थर साबित होने जा रही है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद रीवा में बड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निजी कंपनियां आएंगी, जिससे यह पूरा क्षेत्र न केवल मध्य प्रदेश बल्कि पूरे देश का एक प्रमुख औद्योगिक और तकनीकी केंद्र बनकर उभरेगा। लेकिन इस विराट विकास को रोकने के लिए वही लाल दीमक एक बार फिर मैदान में उतर आए हैं। ये वही लोग हैं जो खुद वातानुकूलित कमरों और आलीशान महलों में रहते हैं, गरीबों, मजदूरों, किसानों और युवाओं के नाम पर अपनी राजनीतिक और वैचारिक दुकानें सजाते हैं, बड़े-बड़े पुरस्कार और हवेलियां बनाते हैं, लेकिन जिसके नाम पर राजनीति करते हैं उसे हमेशा हाशिए पर और दर-दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ देते हैं।

रीवा के इस परमाणु संयंत्र के विरोध में जो दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, वह पूरी तरह निराधार, अवैज्ञानिक और कुत्सित राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित है। अफवाह फैलाई जा रही है कि न्यूक्लियर प्लांट आने से लोगों को कैंसर हो जाएगा, लोग मर जाएंगे और आने वाली पीढ़ियां बर्बाद हो जाएंगी। यह केवल और केवल जनता को बरगलाने और रीवा के विकास का गला घोंटने का एक षड्यंत्र है। वैज्ञानिक तथ्यों और अंतरराष्ट्रीय शोधों के आईने में देखें तो परमाणु ऊर्जा आज के समय में दुनिया की सबसे स्वच्छ, सुरक्षित और हरित ऊर्जा का सबसे बड़ा माध्यम है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी आती है। भारत में परमाणु ऊर्जा का इतिहास दशकों पुराना है और आज देश में पहले से ही तारापुर (महाराष्ट्र), रावतभाटा (राजस्थान), कलपक्कम और कुडनकुलम (तमिलनाडु), कैगा (कर्नाटक), काकरापार (गुजरात) और नरोरा (उत्तर प्रदेश) जैसे सात बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पूरी सुरक्षा और सफलता के साथ संचालित हो रहे हैं। इन संयंत्रों के आसपास रहने वाले नागरिकों का स्वास्थ्य और जीवन स्तर पूरी तरह सुरक्षित है, और वहां किसी भी प्रकार की असामान्य बीमारी या कैंसर के फैलने का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है। परमाणु रिएक्टर से निकलने वाले कचरे के प्रबंधन के लिए अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के पास अत्याधुनिक, वैज्ञानिक और सुरक्षित तकनीकें मौजूद हैं, और इसे लेकर फैलाया जाने वाला यह डर कि इसका कचरा लाखों साल तक पर्यावरण को नष्ट कर देगा, केवल एक कोरी कल्पना और डर का व्यापार है। जहाँ तक पानी की खपत की बात है, आधुनिक परमाणु संयंत्र रीवा जैसी परियोजनाओं में रीसायकल वाटर और क्लोज्ड-लूप कूलिंग टावरों का उपयोग करते हैं, जिससे जल संसाधनों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता और आसपास के जीव-जंतुओं तथा पर्यावरण की पूरी रक्षा की जाती है।

इस 27,000 करोड़ रुपये की परियोजना के रीवा में स्थापित होने से रोजगार के अपार और अभूतपूर्व द्वार खुलने वाले हैं। यदि हम इसके प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के आंकड़ों का विश्लेषण करें, तो इस विशाल निर्माण चरण के दौरान ही प्रत्यक्ष रूप से हजारों इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, तकनीशियनों, प्रबंधकों, वेल्डरों, इलेक्ट्रीशियनों और निर्माण श्रमिकों को नौकरियां मिलेंगी। इसके साथ ही, जब संयंत्र पूरी तरह चालू हो जाएगा तो प्रत्यक्ष रूप से स्थाई तौर पर उच्च तकनीकी और प्रशासनिक पदों पर हजारों नौकरियां सृजित होंगी। वहीं इसके अप्रत्यक्ष (Indirect) प्रभाव की बात करें तो रीवा और उसके आसपास के क्षेत्रों में परिवहन, रसद (Logistics), होटल, आतिथ्य सत्कार (Hospitality), आवासीय भवनों, शिक्षा संस्थानों, स्वास्थ्य सेवाओं, केटरिंग और छोटे-बड़े स्थानीय उद्योगों का एक विशाल पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) खड़ा होगा। एक बड़े औद्योगिक केंद्र के स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर कम से कम 50,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है, जो रीवा के युवाओं का भविष्य पूरी तरह बदल देंगे। आज रीवा का जो युवा रोजगार की तलाश में बड़े महानगरों की ओर पलायन करने को मजबूर है, उसे अपने ही घर-आंगन में अपने ही परिवार के पास दुनिया के सर्वोत्तम रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

लेकिन इन सबके बीच हमें उन तथाकथित 'लाल दीमकों' से बेहद सावधान रहने की आवश्यकता है, जो पर्यावरण और गरीबों के मसीहा बनकर केवल अपनी रोटियां सेकते हैं। ये वे लोग हैं जो कभी खुद जमीन पर पसीना नहीं बहाते, लेकिन दूसरों के विकास की राह में कांटे बोना अपना धर्म समझते हैं। इनकी मानसिकता यह है कि सारा ज्ञान केवल इनके पास है, सब कुछ वही जानते हैं, और इस देश का भविष्य तय करने का अधिकार सिर्फ उन्हीं को है। जो व्यक्ति इनके इस संकीर्ण एजेंडे को नहीं मानता या इनके बहकावे में नहीं आता, उसे यह जीने का अधिकार भी नहीं देना चाहते। यही वह विकास विरोधी और राष्ट्र विरोधी मानसिकता है जिसने सदियों से हमारे देश की प्रगति के पहिए को रोकने की कुचेष्टा की है।

कहावत है कि 'कौआ कान ले गया' और हम बिना सोचे-समझे कौवे के पीछे भागने लगते हैं। आज समय आ गया है कि हम रीवा के जनसामान्य और विशेषकर युवा वर्ग को इन अफवाहों के जाल से बाहर निकालें। हमें यह समझना होगा कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र से रीवा को कोई खतरा नहीं है, बल्कि यह रीवा को भारत के औद्योगिक मानचित्र पर एक नया सूर्य बनाकर चमकाने जा रहा है। जो लोग बाहर से आकर रीवा के विकास की इस महान धारा को रोकने का पाप कर रहे हैं, उनके बहकावे में न आएं। यह समय भावुक होने का नहीं, बल्कि तथ्यात्मक रूप से जागरूक होने का है। विज्ञान पर भरोसा करें, तथ्यों को समझें और रीवा के सुनहरे भविष्य, आत्मनिर्भरता और औद्योगिक समृद्धि के इस महायज्ञ में अपनी खुली बांहों से सहभागिता निभाएं, ताकि हमारा रीवा और हमारा देश दुनिया के शीर्ष पर गर्व से खड़ा हो सके।

Disclaimer : इस लेख/रचना में व्यक्त विचार लेखक के निजी विचार हैं। हर तरह के वाद, विवाद के लिए लेखक व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार हैं।
अपने लेख इस पते पर भेजें :- editatalraag@gmail.com