छठ पूजा एक प्राचीन हिंदू लोकपर्व है,जो मुख्य रूप से सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित है। मार्कण्डेय पुराण के अनुसार आदि शक्ति प्रकृति ने सृष्टि की रचना के समय स्वयं को छह अंशों में बांटा था, इनका छठा अंश सर्वश्रेष्ठ मातृ देवी अर्थात् छठ माता के रुप में उपास्य है। चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व पृथ्वी पर जीवन बनाए रखने के लिए प्रकृति और सूर्य के प्रति आभार व्यक्त करने का उत्सव है। छठ पूजा,हिन्दू विरोधी सभी पंथावलंबियों और कांग्रेस सहित वामपंथियों के,हिंदुओं पर पितृसत्तात्मक संबंधी घटिया नैरेटिव थोपने के षड़यंत्र को ध्वस्त कर,नारी सशक्तिकरण का आईना भी दिखाती है।

यह पर्व प्रकृति और सूर्य की उपासना का पर्व है,इस पर्व में किसी मूर्ति की पूजा नहीं होती है, बल्कि सीधे प्रत्यक्ष देवता सूर्य और जल को पूजा जाता है। इसे एक अत्यंत पर्यावरण अनुकूल और स्वच्छता केंद्रित त्योहार माना जाता है।यह भारत का एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमें उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी आराधना की जाती है। यह जीवन में उतार-चढ़ाव के प्रति समान सम्मान का संदेश देता है।

धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक संदर्भों के  अनुसार, छठ माता (छठी मैया) को मुख्य रूप से निराकार  और प्रकृति की अधिष्ठात्री देवी 'षष्ठी' के रूप में पूजा जाता है। वे ममतामयी मां, संतान की रक्षक और जीवनदायिनी शक्ति का प्रतीक हैं। ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार भी , सृष्टि की रचना के समय प्रकृति देवी ने स्वयं को कई भागों में बांटा था, जिनमें से छठा अंश 'षष्ठी' या 'देवसेना' कहलाया। इसलिए उन्हें छठी मैया कहा जाता है और वे ब्रह्मा जी की मानस पुत्री मानी जाती हैं। इनका विवाह भगवान् कार्तिकेय (मुरुगन स्वामी) से हुआ था।छठी मैया को नवजात शिशुओं और सभी बच्चों की रक्षा करने वाली, उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करने वाली देवी के रूप में जाना जाता है। ग्रामीण परंपराओं में आज भी बच्चे के जन्म के छठे दिन 'छठी' पूजने का रिवाज है।

प्रचलित मान्यताओं में छठी मैया को भगवान सूर्य की बहन माना जाता है। वैदिक परंपरा में उन्हें भोर की देवी 'उषा' का स्वरूप भी माना गया है, जो अंधकार को दूर कर जीवन में नई ऊर्जा और प्रकाश लाती हैं। अनेक धार्मिक मान्यताओं में छठ माता को मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी का ही रूप माना जाता है, जो अपने भक्तों को संतान सुख और समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। छठ घाट पर मिट्टी या ईंट से बना एक छोटा चबूतरा जिसे सिरसोप्ता या वेदी कहा जाता है, बनाया जाता है। इसे सिंदूर से सजाकर छठी मैया के प्रतीक के रूप में पूजा जाता है।नदी या तालाब के पवित्र जल में खड़े होकर उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देना ही छठी मैया और सूर्य देव की संयुक्त आराधना है।

छठ पूजा की शुरुआत प्राचीन वैदिक काल, रामायण और महाभारत काल से मानी जाती है। इस महापर्व की उत्पत्ति को लेकर प्रमुख रुप से चार पौराणिक और ऐतिहासिक उपाख्यान प्रचलित हैं।
प्रथम उपाख्यान - छठ पूजा की जड़ें प्राचीन वैदिक काल से जुड़ी हैं, जहां ऋग्वेद में सूर्य देव और देवी 'उषा' की उपासना का वर्णन मिलता है। प्राचीन काल में ऋषि-मुनि सूर्य की किरणों से ऊर्जा प्राप्त करने के लिए बिना अन्न-जल के तपस्या करते थे, जो बाद में इस व्रत का आधार बना।द्वितीय उपाख्यान - रामायण काल की मान्यता है,कि लंका विजय के बाद जब भगवान राम और माता सीता अयोध्या लौटे, तो रावण वध के पाप से मुक्ति के लिए उन्होंने ऋषि मुदगल के आश्रम में कार्तिक शुक्ल षष्ठी को सूर्य देव की उपासना की थी। माता सीता ने छह दिनों तक कठिन व्रत रखकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया था, जिससे इस पर्व की शुरुआत हुई।
तृतीय उपाख्यान - महाभारत काल में अंग देश (वर्तमान भागलपुर, बिहार) के राजा कर्ण प्रतिदिन कमर भर पानी में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देते थे। इसके अलावा, पांडवों के जुए में राजपाट हारने के बाद द्रौपदी ने भी अपना खोया हुआ राज्य वापस पाने के लिए छठ व्रत रखा था।
चतुर्थ उपाख्यान - पौराणिक कथा के अनुसार, राजा प्रियंवद को कोई संतान नहीं थी। महर्षि कश्यप के कहने पर उन्होंने पुत्रेष्टि यज्ञ किया, लेकिन मृत पुत्र पैदा हुआ। तब ब्रह्मा की मानस पुत्री 'देवसेना' (छठी मैया) प्रकट हुईं और उन्होंने अपनी पूजा करने को कहा। राजा ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी को विधि-विधान से पूजा की, जिससे उनका पुत्र जीवित हो गया।

 छठ पर्व की शुरुआत कार्तिक शुक्ल चतुर्थी से होती है और इसका समापन सप्तमी तिथि को होता है। व्रत रखने वाले व्रती लगभग 36 घंटे तक बिना अन्न और जल ग्रहण किए कठिन निर्जला उपवास रखते हैं।वर्ष 2026 में कार्तिक छठ का यह महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर के बीच मनाया जा रहा है।
पहले दिन का अनुष्ठान नहाय-खाय होता है।व्रती पवित्र नदी या घर पर स्नान करने के बाद घर की पूरी साफ-सफाई करते हैं। इस दिन केवल शुद्ध शाकाहारी भोजन जैसे कद्दू-भात और चने की दाल ग्रहण की जाती है।
 दूसरे दिन का अनुष्ठान खरना होता है।व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को सूर्यास्त के बाद पूजा करके गुड़ की खीर, घी लगी रोटी और फल खाते हैं। इसी प्रसाद के बाद उनका 36 घंटे का मुख्य निर्जला व्रत शुरू हो जाता है।
तीसरे दिन का अनुष्ठान संध्या अर्घ्य होता है।यह पर्व का सबसे प्रमुख दिन होता है जब श्रद्धालु बांस की टोकरी में ठेकुआ, गन्ना और मौसमी फल लेकर नदी या तालाब के घाट पर जाते हैं। शाम के समय कमर तक पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।
चौथे दिन का अनुष्ठान उषा अर्घ्य होता है।श्रद्धालु सूर्योदय से पहले पुनः घाट पर एकत्रित होते हैं और उगते सूर्य को जल व दूध से अर्घ्य देते हैं। इसके बाद प्रसाद बांटकर और व्रती के पारण करने के साथ इस चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होता है।

 वैज्ञानिक दृष्टि से छठ पूजा का मुख्य वैज्ञानिक महत्व सौर ऊर्जा का सुरक्षित अवशोषण, शरीर का डिटॉक्सिफिकेशन और मौसमी बदलावों के प्रति रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना है। कार्तिक और चैत्र मास में होने वाला यह चार दिवसीय महापर्व पूरी तरह से प्रकृति, खगोल विज्ञान और मानव शरीर क्रिया विज्ञान के नियमों पर आधारित है।

सूर्योदय और सूर्यास्त के समय सूर्य की किरणें तिरछी होती हैं और इनमें हानिकारक पराबैंगनी  किरणों का स्तर सबसे कम होता है। इस समय सूर्य को अर्घ्य देने से शरीर को बिना किसी त्वचा नुकसान के भरपूर विटामिन 'डी'
मिलता है।जब जल की धार के माध्यम से सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है, तो पानी एक प्रिज्म की तरह काम करता है और सूर्य के प्रकाश को सात रंगों में विभाजित करता है। ये रंग शरीर के सात चक्रों और रंगों के असंतुलन को ठीक करके त्वचा रोगों से बचाते हैं।
 सुबह और शाम की कोमल धूप जब आंखों के रेटिना पर पड़ती है, तो यह मस्तिष्क की पीनियल, पिट्यूटरी और हाइपोथैलेमस ग्रंथियों को सक्रिय करती है। इससे नींद, मानसिकता और शरीर की जैविक घड़ी संतुलित रहती है।

 छठ पूजा के दौरान 36 घंटे का निर्जला उपवास शरीर में 'ऑटोफैगी' की प्रक्रिया को सक्रिय करता है। इस वैज्ञानिक प्रक्रिया में शरीर अपनी पुरानी और क्षतिग्रस्त कोशिकाओं को नष्ट कर नई और स्वस्थ कोशिकाओं का निर्माण करता है। कमर तक ठंडे पानी में खड़े होकर पूजा करने से शरीर का तापमान नियंत्रित होता है और बायो-इलेक्ट्रिक फील्ड स्थिर होता है। यह प्रक्रिया तंत्रिका तंत्र के तनाव को कम करने और मानसिक स्पष्टता बढ़ाने में मदद करती है।

 छठ पर्व ऋतु परिवर्तन के समय आता है। उपवास, स्वच्छता और सूर्य की ऊर्जा शरीर को बदलते मौसम के संक्रमण से लड़ने के लिए तैयार करती है।व्रत के पारण में अदरक और गुड़ का सेवन किया जाता है, जो पाचन तंत्र को धीरे-धीरे सक्रिय करता है और शरीर को तुरंत ग्लूकोज व आयरन देता है।प्रसाद में उपयोग होने वाले मौसमी फल, गन्ना, नारियल, और गुड़-आटे से बना ठेकुआ शरीर में कैल्शियम, फाइबर और आवश्यक खनिजों की कमी को पूरा करते हैं।
--------------------------------------
 डॉ.आनंद सिंह राणा,

Disclaimer : इस लेख/रचना में व्यक्त विचार लेखक के निजी विचार हैं। हर तरह के वाद, विवाद के लिए लेखक व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार हैं।
अपने लेख इस पते पर भेजें :- editatalraag@gmail.com