सपत्नी और सपत्नीक एकदम मिलते-जुलते शब्द प्रतीत होते हैं, पर इनके अर्थ बिलकुल भिन्न हैं।
 
सपत्नी का अर्थ होता है– सहपत्नी, सौतन, पति की दूसरी पत्नी या प्रतिद्वंद्वी पत्नी।
 
सपत्नीक : इस शब्द का अर्थ है– पत्नी सहित। किसी कार्यक्रम में आपको ‘सपत्नीक’ आमंत्रित किया गया है, तो उसमें आप अपनी पत्नी को साथ लेकर जा सकते हैं।

उसमें दम्पती (या दंपती) को बुलाया गया है।  स्पष्ट है कि उक्त कार्यक्रम में बच्चों को लेकर भी नहीं जाया जा सकता; क्योंकि अगर बच्चों को भी बुलाना होता तो ‘सपरिवार’ लिखा होता। अस्तु, परिवार की परिभाषा व्यापक है और इसका शाब्दिक अर्थ है– वे लोग जो आपके आसपास सदा रहते हैं।
 
ध्यातव्य है कि ‘दम्पती’ को अज्ञानवश(अज्ञानतावश प्रयोग अशुद्ध है) ‘दंपति’, दंपत्ति इत्यादि भी लिख दिया जाता है, जिससे बचना चाहिए। शुद्ध शब्द है– ‘दम्पती’ और इसका अर्थ है– ‘पति और पत्नी’।
 
इस संदर्भ में विचारणीय है कि अगर कहीं भूलवश किसी कार्यक्रम में ‘सपत्नी’ बुलाया गया तो इसका अर्थ होगा– किसी स्त्री को अपनी सौतन के साथ जाना है।
 
विशेष : व्याकरणिक दृष्टि से देखें, तो परिवार शब्द बना है– 'परि' और 'वार' से। 'परि' उपसर्ग का अर्थ है– 'चारों ओर'। 'वार' शब्द बना है 'वारः' से। वारः स्वयं 'वृ' से बना है,  जो 'आवृत्ति' का सूचक है। इसी 'वृ' से वर्ष(वृष्+घञ्) भी है और वर्षा( वर्ष् +अच् +टाप्) भी, जिनमें 'आवृत्ति' अत्यधिक महत्त्वपूर्ण है। इसी 'वृ' से बनने वाले 'वार'  का अर्थ हुआ– 'दिन जो रोज़ आता है।' इसके आधार पर देखें, तो सब दिन एक साथ रहने वाले और एक-दूसरे से घिरे रहते वाले लोगों का समूह परिवार है।

वैसे, तात्त्विक दृष्टिकोण से दुनिया भर में परिवार का कोई एक ही अर्थ लिया जाता है, ऐसा नहीं है; तब भी मोटे तौर पर सपरिवार बुलाए जाने पर आपकी रसोई में जितने लोग खाते हैं, वे सभी जा सकते हैं।

Disclaimer : इस लेख/रचना में व्यक्त विचार लेखक के निजी विचार हैं। हर तरह के वाद, विवाद के लिए लेखक व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार हैं।
अपने लेख इस पते पर भेजें :- editatalraag@gmail.com