गोवर्धन धराधार गोकुल त्राणकारक।
विष्णुबाहु कृतोच्छ्राय गवां कोटिप्रभो भव॥

(हे! गोवर्धन पर्वत को धारण करने वाले और गोकुलवासियों की रक्षा करने वाले भगवान विष्णु की भुजाओं द्वारा उठाए गए गिरिराज! आप हम पर करोड़ों गायों का पालन करने वाले और सुख-समृद्धि देने वाले प्रभु बनें।)

कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा का महत्व और परमा की परंपरा

कार्तिक कृष्ण अमावस्या की तिथि को दीपावली के महान उत्सव के बाद कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा (प्रथम दिवस) का शुभारंभ होता है। उत्तर भारत में विशेषकर मध्य भारत, बुंदेलखंड, अवध और पूर्वांचल क्षेत्रों में इस तिथि को स्थानीय बोली में 'परमा', 'परीबा' और 'परुआ' के नाम से जाना जाता है, जो 'प्रतिपदा' का ही अपभ्रंश रूप परिवा, परुआ या परमा है। इस तिथि को भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के अहंकार को गोवर्धन पर्वत उठाकर तोड़ा था। इसलिए गोवर्धन पर्वत उठाने की स्मृति में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट उत्सव मनाया जाता है। कारीगर अपने औजारों, किसान अपने कृषि यंत्रों और व्यापारी अपने नए बही-खातों की पूजा करते हैं। पारंपरिक दृष्टि से दीपावली की रात के पूजन के बाद परमा के दिन दुकानें और व्यापार बंद रखकर परिवार के साथ विश्राम करने और शुभकामनाएं देने की प्रथा है।

बलि प्रतिपदा, गुजराती नववर्ष और जैन नववर्ष

कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को ही महाराष्ट्र, कर्नाटक और दक्षिण भारत के अनेक राज्यों में बलि प्रतिपदा (बलि पडवा) और बलि पद्यमी के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी तिथि को दानवीर राजा बलि पाताल लोक से पृथ्वी पर अपनी प्रजा से मिलने आते हैं। इसलिए भगवान वामन, राजा बलि और उनकी पत्नी विंध्यावली की पूजा की जाती है।

गुजराती नववर्ष- बेस्तु वरस के रूप में भी यह दिन महत्वपूर्ण है। गुजरात और मारवाड़ी समुदाय के लिए कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से नए साल की शुरुआत होती है। व्यापारी इस दिन अपने पुराने बही-खाते बंद करके नए बही-खातों की शुरुआत करते हैं। श्वेतांबर जैन परंपरा के अनुसार, भगवान महावीर के निर्वाण दिवस (दीपावली) के अगले दिन यानी कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा से जैन नववर्ष- वीर निर्वाण संवत का आरंभ होता है।

द्वापर युग से वर्तमान युग तक गोवर्धन पूजा की प्रासंगिकता

वर्तमान युग में भारत ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए गोवर्धन पूजा उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी द्वापर युग में थी। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा देवराज इंद्र के घमंड को तोड़कर गोवर्धन पूजा कराने के बहुउद्देशीय प्रयोजन थे, जो वर्तमान युग के लिए मार्गदर्शी हैं। गोवर्धन पूजा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने यही संदेश दिया कि प्रकृति और पृथ्वी ही हमारी सच्ची पालनहार और माता हैं। श्रीमद्भागवत पुराण के अनुसार, श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के बजाय गोवर्धन पर्वत, गायों और प्रत्यक्ष प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया था।

गोवर्धन शब्द का अर्थ और आध्यात्मिक महत्व

यहाँ गोवर्धन पर्वत के नाम का अर्थ व्यापक रूप में है। इसका प्रथम अर्थ गायों का संवर्धन और भक्तों की इंद्रियों को कृष्ण भक्ति की ओर बढ़ाने से है। द्वितीय अर्थ यह है कि संस्कृत में 'गो' और 'वर्धन' शब्दों के मिलन से इसका नाम बना है, जिसका सीधा अर्थ गायों, पृथ्वी और आध्यात्मिक ऊर्जा की वृद्धि करने वाला स्थान है।

संस्कृत में 'गो' का एक प्रमुख अर्थ गाय होता है और 'वर्धन' का अर्थ बढ़ाना या पोषण करना है। इस पर्वत की हरी-भरी घास, घने जंगल और स्वच्छ जल के झरने ब्रज की गायों के भरण-पोषण और आश्रय का मुख्य आधार थे, इसलिए इसे 'गोवर्धन' कहा गया। वैदिक और भक्ति परंपरा के अनुसार, 'गो' शब्द का अर्थ इंद्रियां और प्राण भी होता है। यह पवित्र पर्वत भक्तों की इंद्रियों और मन को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति की ओर बढ़ाता है, जिस कारण इसका यह नाम पड़ा। वेदों में 'गो' का प्रयोग भूमि या संपूर्ण पृथ्वी के अर्थ में भी किया गया है। ब्रज क्षेत्र की कृषि, जल और प्राकृतिक संसाधनों की पूर्ति मुख्य रूप से इसी पर्वत से होती थी।

इंद्र का अहंकार तोड़ने के लिए श्रीकृष्ण ने उठाया गोवर्धन पर्वत

द्वापर युग में जब देवराज इंद्र ने अहंकार में आकर ब्रजवासियों पर मूसलाधार वर्षा की, तब श्रीकृष्ण ने सात दिनों तक इस पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों और गायों की रक्षा की थी। इसी लीला के बाद श्रीकृष्ण को 'गिरिधारी' और 'गोवर्धनधारी' कहा जाने लगा। गोवर्धन पर्वत को सभी पर्वतों का राजा अर्थात् 'गिरिराज' और स्वयं भगवान श्रीकृष्ण का ही प्राकृतिक स्वरूप माना जाता है।

पृथ्वी, पर्वत और प्रकृति ही हमारी सच्ची आराध्य

भगवान श्रीकृष्ण ने समझाया कि जिस धरती, पर्वत और वन से हमें अन्न, जल, औषधि और पशुओं के लिए चारा मिलता है, वही हमारे सच्चे आराध्य हैं। जिस प्रकार एक माता निःस्वार्थ भाव से अपनी संतान का भरण-पोषण करती है, उसी तरह पृथ्वी और गोवर्धन पर्वत समस्त जीवों को जीवन और आश्रय प्रदान करते हैं।

गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि पर्यावरण, नदियों, पर्वतों और पशुधन के संरक्षण का एक शाश्वत संदेश है। भगवान श्रीकृष्ण ने इस लीला के माध्यम से इंद्र के अहंकार को तोड़ा और यह स्थापित किया कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाकर चलना ही सच्चा धर्म है। पृथ्वी को माता मानने का अर्थ है कि हम उसका दोहन करने के बजाय उसकी रक्षा करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी सुरक्षित रह सकें। अतः गोवर्धन पूजा धर्मनिरपेक्ष है।

पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के दौर में गोवर्धन पूजा

वर्तमान समय में गोवर्धन पूजा की प्रासंगिकता केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से निपटने और सामुदायिक एकता का एक अत्यंत महत्वपूर्ण संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र का अहंकार तोड़ने और प्रकृति (गोवर्धन पर्वत) की पूजा शुरू करने की यह परंपरा आज के आधुनिक युग में पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गई है।

गोवर्धन पूजा पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भाव भी देती है। गोवर्धन पूजा हमें सिखाती है कि पहाड़, नदियां, पेड़-पौधे और मिट्टी हमारे जीवन का आधार हैं, इसलिए इनका सम्मान करना चाहिए।

विश्व में जलवायु परिवर्तन से खतरा उत्पन्न हो रहा है। आज जब ग्लोबल वार्मिंग, वनों की कटाई और प्रदूषण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, तब यह पर्व हमें प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को रोकने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण ने यह संदेश दिया था कि हमारी आजीविका और जीवन प्रकृति पर निर्भर हैं, इसलिए पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) को बचाए रखना ही सच्ची पूजा है।

पशुधन, जैविक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्व

भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से पशुधन, जैविक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्व प्रतिपादित किया है। इसलिए इस दिन गाय, बैल और अन्य पालतू पशुओं की पूजा की जाती है, जो हमें पशुओं के प्रति करुणा और संवेदनशीलता रखने की याद दिलाती है। गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाने की परंपरा यह दर्शाती है कि पशुधन का अपशिष्ट भी कृषि और पर्यावरण के लिए कितना उपयोगी और पवित्र है।

यह त्योहार स्थानीय संसाधनों और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रतीक है, जो आज के 'वोकल फॉर लोकल' के विचार से मेल खाता है।

सामाजिक एकता, सामूहिक प्रयास और अहंकार का त्याग

भगवान श्रीकृष्ण गोवर्धन पूजा के माध्यम से सामाजिक एकता और अहंकार के त्याग का संदेश देते हैं। जिस तरह पूरे ब्रजवासियों ने अपनी लाठियों का सहारा देकर गोवर्धन पर्वत को उठाने में सहयोग किया, वैसे ही आज की बड़ी समस्याओं का समाधान समाज के सामूहिक प्रयास से ही संभव है। अहंकार पर सदा विनम्रता की जीत होती है। यह उपाख्यान हमें सिखाता है कि सत्ता, शक्ति या पद का अहंकार विनाश की ओर ले जाता है, जबकि विनम्रता और प्रकृति के साथ तालमेल ही स्थायी सुख देता है। इस दिन बनने वाला 'अन्नकूट' समाज में मिल-बांटकर खाने और विविधता में एकता का संदेश देता है।

गौमाता में माता लक्ष्मी का स्वरूप

गौमाता को ही माता लक्ष्मी मानकर यह मंत्र बोला जाता है—

**लक्ष्मीर्या लोकपालानां धेनुरूपेण संस्थिता।
घृतं वहति यज्ञार्थे मम पापं व्यपोहतु॥**

धेनु (गाय) के रूप में विद्यमान जो लोकपालों की साक्षात् माता लक्ष्मी हैं तथा जो यज्ञ के लिए पवित्र घृत प्रदान करती हैं, वह गौमाता मेरे समस्त पापों का नाश करें।

Disclaimer : इस लेख/रचना में व्यक्त विचार लेखक के निजी विचार हैं। हर तरह के वाद, विवाद के लिए लेखक व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार हैं।
अपने लेख इस पते पर भेजें :- editatalraag@gmail.com