क्रिटिकल रेस थ्योरी अब पुरुषों को बाय डिफॉल्ट अपराधी बनाकर स्त्रियों के लिए आजादी के नाम पर नया पिंजरा तैयार कर रही है।

आज जब लड़की कहती है, मैं आजाद हूँ पर जरा देखो तो, उसकी आजादी का सेंटर आज भी वही है: पुरुष। आजादी के नाम पर छह पिंजरे बने हैं, 

पहला पिंजरा था - पितृसत्ता।

पिता, पति, भाई तय करते थे क्या पहनना है, कहाँ जाना है। लड़की ने कहा - मुझे इससे आजादी चाहिए। सही कहा पर आजादी का मतलब क्या है,  उत्तर होना चाहिए था - "मेरी सुरक्षा बेहतर करो"। जवाब बन गया, "मैं रात में जाऊंगी, पियूंगी, यही आजादी है।" विद्रोह हुआ, पर फायदा किसे मिला? नशे की कंपनी को, पब को, रील के एल्गोरिदम को। 

बिटिया का स्नेह कवच टूट गया। बाप से निकलकर नियंत्रण मार्केट के हाथ में चला गया जहां स्नेह सुरक्षा जैसा कुछ नहीं होता, असल में वही वह सत्ता है जिसे  पितृसत्ता टर्म बनाकर छिपा लिया गया। पितृसत्ता के नाम पर मां के अनुशासन को भी गिल्ट से भरने का काम हुआ।

दूसरा पिंजरा - डिजिटल वैलिडेशन 

पहले माता पिता जज करते थे सही क्या गलत क्या। अब हजार अनजान लड़के जज करते हैं। रील डाली, लाइक नहीं आया तो दिन खराब। किसी ने कमेंट किया "हॉट हो" तो लगा एम्पावरमेंट मिल गया। ये मेल गेज ही है, बस अब फ्री में है। आप खुद अपना शरीर कंटेंट बनाकर परोस रही हो, और प्लेटफॉर्म पैसा कमा रहा है। 

ये चॉइस नहीं, मजबूरी है। परिवार का लाड़ नहीं डिजिटल प्रेशर है।

 तीसरा पिंजरा है - कृत्रिम सुंदरता का

बाजार ने बताया, गोरी, पतली, बोल्ड दिखोगी तभी आजाद कहलाओगी। तो सैलरी का 50% क्रीम, कपड़े, सैलून में खर्च हो रहे हैं, वहां अधिकतर पैसा किसी मेल को ही जा रहा है। 5 साल बाद बैंक में जीरो, और वही बॉयफ्रेंड कहता है "बेबी मैं हूँ ना"। और तुम फिर उसी पर निर्भर। 

 चौथा पिंजरा - आर्थिक आजादी का भ्रम

नौकरी तो है, पर पैसों का फैसला कौन कर रहा है? जब तक तीन चीजें नहीं हैं - एक अकाउंट जो सिर्फ तुम्हारा हो, एक स्किल जो तुम्हें भूखा न मरने दे, एक घर जहाँ तुम बिना डरे लौट सको, तब तक "मैं किसी की नहीं सुनती" सिर्फ एक रील का डायलॉग है।

पांचवां पिंजरा - विक्टिम बनकर जीना

 यह कहा  गया कि अपनी पीड़ा को समझो। हमने बना लिया - पीड़ा ही मेरी पहचान है। "मैं स्त्री हूँ इसलिए दुखी हूँ"। इससे क्या हुआ? हर फेलियर का दोष समाज पर डाल दिया, खुद को सुधारा ही नहीं। और जो औरतें सच में लड़कर आगे बढ़ीं, उनकी मेहनत भी इसी रोने में दब गई।

 छठा पिंजरा-  औरत ही औरत की दुश्मन

 बाहर पितृसत्ता को गाली देते हैं, अंदर व्हाट्सएप ग्रुप में, "इसका तो अफेयर है", "ये तो बहुत उड़ती है", इसका बॉयफ्रेंड कितना पैसे वाला है, इस तरह के सोच की कैंची औरत के हाथ में है, तब तक कोई मर्द तुम्हें नहीं रोक रहा, तुम खुद ही एक-दूसरे को काट रही हो।

 असली आजादी क्या है?

रात को लेने आया पिता अपनी सत्ता तुम पर थोपने नहीं आया है,  उसे तुम्हारी यानी अपनी बच्ची की चिंता है। हर मर्द दुश्मन नहीं है। जब तुम सारे मर्द जात को गाली देती हो तो तुम वही करती हो जो कई मर्द सारे औरत जात को गाली देते हैं। वे अपनी मां और बहन को भी उसमें शामिल कर रहे होते। ऐसे मर्दों की समाज में कोई इज्जत नहीं होती। 

एक बात समझो कि आजादी का सेंटर पुरुष नहीं, तुम खुद हो। सवाल ये नहीं कि "वो मुझे कैसे देख रहा है", सवाल ये है कि "मैं खुद को कहाँ देखना चाहती हूँ 5 साल बाद ,अपने पैरों पर या किसी की नजर में?"

आजादी तोड़ने में नहीं, जोड़ने में है - पैसा जोड़ा, स्किल जोड़ी, सेहत जोड़ी, एक ऐसा घर जोड़ा जहाँ लौट सको।वरना ये आजादी नहीं है, सिर्फ पिंजरा बदलने की प्रक्रिया है।

चित्र प्रतीकात्मक है जिसे डिकोड करने की जिम्मेदारी पाठकों पर है।

Disclaimer : इस लेख/रचना में व्यक्त विचार लेखक के निजी विचार हैं। हर तरह के वाद, विवाद के लिए लेखक व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार हैं।
अपने लेख इस पते पर भेजें :- editatalraag@gmail.com