योग्य, कुशल, प्रवीण, दक्ष और निपुण में अंतर : 'भाषा की पाठशाला'
इन सभी शब्दों का प्रयोग ‘योग्यता’ या ‘कुशलता’ के संदर्भ में होता है, परंतु इनके अर्थ बिलकुल एक जैसे नहीं होते। 

प्रवीण शब्द का मूल अर्थ है— ‘वीणा बजाने में पारंगत’। ‘प्र’ उपसर्ग का अर्थ ‘विशेष’ है। स्पष्ट है कि कालांतर में इस शब्द का अर्थ-विस्तार हुआ और अब यह शब्द किसी विषय या कला में विशद ज्ञान रखने वाले व्यक्ति के लिए प्रयुक्त होता है। जैसे—“वह संगीत/चित्रकला/ में प्रवीण है।” इसमें अभ्यास अथवा किसी हुनर को विशेष रूप से साधने का भाव प्रमुख है। यहाँ यह जानना चाहिए कि ‘अभ्यास’ शब्द का भी मूल अर्थ बार-बार बाण फेंकना(अभि+ आस) है, पर अब किसी भी कार्य को बार-बार करने के लिए इस शब्द को प्रयोग में लाया जाता है।

कुशल शब्द की व्युत्पत्ति ‘कुश’ (घास) से है, जहाँ ल शब्द लाने का बोधक है—अर्थात् जो कुश को सावधानी से ला सके, उसकी या धार या नोक(नोंक अशुद्ध है) से
जो घायल न हो, वही ‘कुशल’। इसलिए ‘कुशल’ में केवल तकनीकी दक्षता ही नहीं, बल्कि संतुलन, सावधानी और शुभता का भाव भी निहित रहता है। जैसे—“आप कुशल तो हैं?”—यहाँ कुशल का अर्थ ‘मंगल’ है, न कि ‘दक्षता’।

ध्यातव्य है कि इसी कुश से ‘कुशाग्र’ शब्द की व्युत्पत्ति है। कुश का अगला हिस्सा अत्यंत तीक्ष्ण होता है, इसलिए जिसकी बुद्धि अत्यंत तीक्ष्ण हो, उसे ‘कुशाग्र बुद्धि’ कहा जाने लगा। 

निपुण शब्द का मूल अर्थ ‘पुण्य’ से जुड़ा हुआ है—अर्थात् अच्छे या पुनीत कार्यों में दक्ष। जैसे आचार्य धन्वंतरि एक निपुण वैद्य थे, क्योंकि वैद्य का कार्य पुण्य अथवा दूसरों की भलाई के लिए था। अब इसे प्रवीण वैद्य कहना उतना उचित नहीं होगा क्योंकि यह वीणा बजाने जैसी किसी कला की बात नहीं हो रही है। हॉं, कालांतर में इसका अर्थ भी विकसित होकर अत्यंत कुशल, बारीकी से काम करने वाला हो गया। 

योग्यता शब्द ‘युज्’ धातु से बने ‘योग’ से व्युत्पन्न है। इसमें जोड़ने का भाव है। जो कुछ जोड़ने में समर्थ है, वह योग्य है। कोई धन कमाने, घर चलाने या भरोसा करने के योग्य है तो इसका अर्थ है कि वह संभाल लेगा, कुछ जोड़ेगा ही, छिन्न-भिन्न नहीं करेगा।

दक्ष शब्द ‘दक्ष् + अच्’ से व्युत्पन्न विशेषण है। इसका मूल अर्थ है— योग्य, सक्षम और कार्य को सही ढंग से करने में समर्थ। इसमें कार्य-निष्पादन की क्षमता पर बल होता है। जैसे—“वह एक दक्ष प्रशासक/बढ़ई/लुहार/सुनार है।” 

स्पष्ट है कि दक्ष कार्य-क्षमता का बोध कराता है, प्रवीण कला आदि के अभ्यास की गहराई को, कुशल शुभत्व और संतुलन को तथा निपुणता पूर्णता और पुण्यता के भाव को व्यक्त करता है।