"यदि किसी राष्ट्र का भविष्य देखना हो, तो उसकी शिक्षा व्यवस्था को देखिए।" यह केवल एक प्रेरणादायी कथन नहीं, बल्कि इतिहास का सिद्ध सत्य है। जिन देशों ने शिक्षा को केवल साक्षरता का माध्यम न मानकर मानव संसाधन निर्माण का आधार बनाया, वही आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाएँ हैं। जापान, जर्मनी, दक्षिण कोरिया, फ़िनलैंड और सिंगापुर इसके सशक्त उदाहरण हैं। इन देशों की वास्तविक संपदा न तो खनिज रही, न विशाल भूभाग और न ही अपार प्राकृतिक संसाधन; उनकी सबसे बड़ी शक्ति उनके कुशल, अनुशासित, नवाचारी और आत्मविश्वासी नागरिक रहे हैं।

आज भारत भी एक ऐसे ही ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ा है। वर्ष 2047, जब देश अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हमारी युवा शक्ति केवल डिग्रियों से नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल, नवाचार और उद्यमिता से सशक्त होगी। विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी भारत के पास है। यह जनसांख्यिकीय लाभ (Demographic Dividend) हमारे लिए एक स्वर्णिम अवसर भी है और एक बड़ी जिम्मेदारी भी। यदि यह युवा शक्ति गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और सही दिशा प्राप्त कर लेती है, तो भारत विश्व की अग्रणी ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था बन सकता है। लेकिन यदि शिक्षा और रोजगार के बीच की खाई बनी रही, तो यही सबसे बड़ी ताकत एक गंभीर चुनौती में भी बदल सकती है।

पिछले दो दशकों में भारत ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। सर्व शिक्षा अभियान, शिक्षा का अधिकार अधिनियम, समग्र शिक्षा अभियान और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 जैसी पहलों ने विद्यालयी शिक्षा का दायरा व्यापक बनाया है। उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या बढ़ी है, डिजिटल तकनीकों ने सीखने के नए अवसर दिए हैं और आज करोड़ों विद्यार्थी पहले की तुलना में कहीं अधिक आसानी से शिक्षा तक पहुँच पा रहे हैं। यह परिवर्तन निस्संदेह भारत की बड़ी उपलब्धियों में गिना जाएगा।

फिर भी, इन उपलब्धियों के बीच कुछ ऐसे प्रश्न हैं जिनसे अब बचा नहीं जा सकता। क्या विद्यालय में नामांकन ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की गारंटी है? क्या डिग्री प्राप्त कर लेना रोजगार के लिए पर्याप्त है? क्या हमारी शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों को उस दुनिया के लिए तैयार कर रही है, जहाँ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल अर्थव्यवस्था तेजी से कार्य करने के तरीके बदल रहे हैं?

इन प्रश्नों के उत्तर सहज नहीं हैं। विभिन्न अध्ययन, विशेषकर ASER (Annual Status of Education Report), समय-समय पर यह संकेत देते रहे हैं कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपनी कक्षा के अनुरूप पढ़ने, लिखने और गणित की आधारभूत दक्षताओं तक अपेक्षित स्तर पर नहीं पहुँच पाते। दूसरी ओर, उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने वाले युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उद्योग जगत बार-बार यह चिंता व्यक्त करता है कि उसे आवश्यक कौशल वाले युवा पर्याप्त संख्या में नहीं मिल रहे। यह विरोधाभास केवल शिक्षा का नहीं, बल्कि भारत के भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रश्न है।

आज भारत हर वर्ष लाखों इंजीनियर, विज्ञान स्नातक, प्रबंधन विशेषज्ञ और अन्य पेशेवर तैयार करता है। इसके बावजूद शिक्षित बेरोजगारी चिंता का विषय बनी हुई है। इसका कारण केवल रोजगार के अवसरों की कमी नहीं है; बल्कि शिक्षा और उद्योग की अपेक्षाओं के बीच बढ़ती दूरी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

उच्च तकनीकी संस्थानों का अनुभव बताता है कि अनेक विद्यार्थी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके प्रवेश लेते हैं। उनकी प्रतिभा, परिश्रम और बौद्धिक क्षमता पर कोई संदेह नहीं होता। लेकिन जब उन्हें प्रयोगशाला में किसी वास्तविक समस्या का समाधान विकसित करने, किसी उत्पाद का डिज़ाइन तैयार करने, बहुविषयक टीम के साथ परियोजना पर कार्य करने या उद्योग की आवश्यकता के अनुरूप नवाचार करने का अवसर मिलता है, तब उन्हें इन व्यावहारिक क्षमताओं को विकसित करने में समय लगता है। यह विद्यार्थियों की कमी नहीं, बल्कि हमारी शिक्षा व्यवस्था की एक संरचनात्मक चुनौती का संकेत है। हमने उन्हें उत्तर याद करना सिखाया है, लेकिन अनेक बार प्रश्न खोजना और उनका समाधान विकसित करना नहीं सिखाया।

यही कारण है कि विद्यालय, प्रतियोगी परीक्षाएँ, विश्वविद्यालय और उद्योग—चारों अलग-अलग दिशाओं में चलते हुए दिखाई देते हैं। विद्यालय का प्रमुख लक्ष्य अक्सर पाठ्यक्रम पूरा करना और बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना होता है। प्रतियोगी परीक्षाएँ अवधारणात्मक समझ और समस्या-समाधान की क्षमता का परीक्षण करती हैं। विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा प्रदान करते हैं, जबकि उद्योग ऐसे युवाओं की तलाश में रहते हैं जो पहले दिन से टीम में काम कर सकें, संवाद स्थापित कर सकें, नई तकनीकों को शीघ्र सीख सकें और वास्तविक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर सकें।

दुनिया तेजी से बदल रही है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा विज्ञान, हरित ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, जैव-प्रौद्योगिकी और स्वचालन आने वाले वर्षों में रोजगार की प्रकृति को बदल देंगे। भविष्य में वही व्यक्ति सफल होगा जो केवल ज्ञान नहीं, बल्कि लगातार सीखने, स्वयं को बदलने और नई परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की क्षमता रखता हो। ऐसे समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षाओं में सफलता नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करना होना चाहिए।

नई शिक्षा नीति 2020 ने अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning), बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा को महत्वपूर्ण स्थान दिया है। यह परिवर्तन स्वागतयोग्य है, किंतु इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि इसे विद्यालयों और महाविद्यालयों में किस प्रकार लागू किया जाता है। यदि शिक्षा अभी भी केवल पुस्तकों और परीक्षा तक सीमित रहेगी, तो नीति के उद्देश्य अधूरे रह जाएँगे।

इसी संदर्भ में यह प्रश्न और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि क्या हमारी शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन, वास्तविक कार्यस्थल और वास्तविक समस्याओं से पर्याप्त रूप से जोड़ पा रही है? क्या किसी विद्यार्थी को विद्यालय के दौरान यह देखने का अवसर मिलता है कि एक कारखाना कैसे चलता है, बिजली उत्पादन कैसे होता है, अस्पतालों में आधुनिक उपकरण कैसे कार्य करते हैं, कृषि में ड्रोन और सेंसर का उपयोग कैसे हो रहा है, या एक स्टार्टअप किस प्रकार किसी विचार को उत्पाद में बदलता है?

दुर्भाग्य से अधिकांश विद्यार्थियों का उत्तर होगा—नहीं।

यहीं से भारतीय शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी कमी सामने आती है। हमने विद्यालयों और वास्तविक कार्यस्थलों के बीच एक अदृश्य दीवार खड़ी कर दी है। विद्यार्थी वर्षों तक सिद्धांत पढ़ते हैं, लेकिन उन्हें यह देखने का अवसर बहुत कम मिलता है कि वही सिद्धांत समाज और उद्योग में किस प्रकार जीवन बदलते हैं।

यही वह बिंदु है जहाँ भारत को शिक्षा के अगले चरण की ओर बढ़ना होगा। अब समय आ गया है कि हम शिक्षा को केवल विद्यालयों और विश्वविद्यालयों की चारदीवारी से बाहर निकालकर उद्योगों, प्रयोगशालाओं, खेतों, अस्पतालों, सेवा क्षेत्र, अनुसंधान संस्थानों और स्टार्टअप्स से जोड़ें। यदि विकसित भारत का सपना साकार करना है, तो शिक्षा को पुस्तकों से आगे बढ़ाकर अनुभव, कौशल और नवाचार का माध्यम बनाना होगा।

यही सोच आगे चलकर एक ऐसे शिक्षा मॉडल का आधार बन सकती है जिसमें विद्यालय केवल ज्ञान दें, उद्योग कौशल दें, विश्वविद्यालय नवाचार को दिशा दें और समाज उद्यमिता को सम्मान दे। शिक्षा का यही समन्वित स्वरूप भारत को ज्ञान-आधारित विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक कदम सिद्ध हो सकता है।

लेकिन केवल शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी ही हमारी चुनौती नहीं है। पिछले दो दशकों में भारतीय शिक्षा व्यवस्था में एक और महत्वपूर्ण परिवर्तन हुआ है—कोचिंग संस्कृति और डिजिटल लर्निंग का अभूतपूर्व विस्तार। इसे केवल समस्या मान लेना भी उचित नहीं होगा और इसे शिक्षा का विकल्प मान लेना भी सही नहीं होगा। वस्तुतः यह परिवर्तन हमारी शिक्षा व्यवस्था की बदलती आवश्यकताओं का परिणाम है।

यदि विद्यालय और महाविद्यालय विद्यार्थियों की सभी शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरी तरह पूरा कर रहे होते, तो शायद भारत में कोचिंग उद्योग आज इतना विशाल स्वरूप नहीं लेता। कोटा, हैदराबाद, दिल्ली, प्रयागराज, पटना, कोटा जैसे शहर केवल भौगोलिक स्थान नहीं रह गए हैं; वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का पर्याय बन चुके हैं। यह स्थिति हमें एक महत्वपूर्ण संदेश देती है—देश के लाखों विद्यार्थी और उनके अभिभावक औपचारिक शिक्षा के अतिरिक्त किसी और व्यवस्था की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं।

अक्सर यह कहा जाता है कि कोचिंग संस्थानों ने विद्यालयी शिक्षा को कमजोर कर दिया है। यह दृष्टिकोण आंशिक रूप से सही हो सकता है, किंतु पूरी कहानी इससे कहीं अधिक व्यापक है। वास्तव में कोचिंग उद्योग वहाँ विकसित हुआ जहाँ विद्यालयी शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार की अपेक्षाओं के बीच एक स्पष्ट अंतर दिखाई दिया। जब विद्यार्थियों को लगा कि केवल नियमित कक्षाओं के आधार पर JEE, NEET, UPSC, GATE, SSC या अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता कठिन है, तब उन्होंने अतिरिक्त मार्गदर्शन की तलाश की। इसलिए कोचिंग व्यवस्था को केवल शिक्षा व्यवस्था की विफलता कहना उचित नहीं होगा; यह उसकी अधूरी आवश्यकताओं की प्रतिक्रिया भी है।

यह भी स्वीकार करना होगा कि अनेक कोचिंग संस्थानों ने गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, अनुशासित तैयारी और उत्कृष्ट शिक्षकों के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों को सफलता दिलाई है। देश के अनेक वैज्ञानिक, चिकित्सक, अभियंता और प्रशासक ऐसे ही मार्गदर्शन से लाभान्वित हुए हैं। इसलिए समाधान कोचिंग को समाप्त करना नहीं, बल्कि ऐसी विद्यालयी शिक्षा विकसित करना है जो विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहारे पर अत्यधिक निर्भर होने के लिए विवश न करे।

लेकिन इस व्यवस्था का दूसरा पक्ष भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अत्यधिक प्रतिस्पर्धा, लगातार तुलना और असफलता का भय अनेक विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। शिक्षा का उद्देश्य आत्मविश्वास पैदा करना होना चाहिए, भय नहीं। यदि किसी परीक्षा में सफलता या असफलता ही जीवन का अंतिम मापदंड बन जाए, तो शिक्षा अपने मूल उद्देश्य से भटक जाती है। इसलिए अब समय आ गया है कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में मानसिक स्वास्थ्य, परामर्श (Counselling) और भावनात्मक सुदृढ़ता को भी शिक्षा का अभिन्न अंग बनाया जाए।

कोचिंग संस्कृति का एक और चिंताजनक पहलू तथाकथित "डमी स्कूल" व्यवस्था है। अनेक विद्यार्थी केवल औपचारिक नामांकन बनाए रखते हैं, जबकि उनका अधिकांश समय कोचिंग संस्थानों में बीतता है। इससे विद्यालय धीरे-धीरे केवल प्रमाणपत्र देने वाली संस्था बनकर रह जाता है। जबकि विद्यालय का वास्तविक उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकें पढ़ाना नहीं है; वहीं से अनुशासन, नेतृत्व, टीमवर्क, खेल, कला, सामाजिक संवेदनशीलता और नागरिक उत्तरदायित्व जैसे जीवन-मूल्य विकसित होते हैं। यदि विद्यार्थी इस अनुभव से वंचित रह जाएँ, तो शिक्षा अधूरी रह जाती है।

इसी अवधि में शिक्षा के क्षेत्र में एक और क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ—डिजिटल लर्निंग। इंटरनेट और स्मार्टफोन ने शिक्षा को लोकतांत्रिक बना दिया। आज किसी छोटे गाँव का विद्यार्थी भी देश के श्रेष्ठ शिक्षकों के व्याख्यान सुन सकता है, विश्वस्तरीय अध्ययन सामग्री तक पहुँच सकता है और अपनी सुविधा के अनुसार सीख सकता है। ज्ञान अब केवल महानगरों या प्रतिष्ठित संस्थानों तक सीमित नहीं रहा।

भारतीय भाषाओं में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सामग्री ने इस परिवर्तन को और अधिक समावेशी बनाया है। लंबे समय तक उच्च गुणवत्ता की शैक्षणिक सामग्री मुख्यतः अंग्रेज़ी में उपलब्ध थी। आज हिंदी सहित अनेक भारतीय भाषाओं में उत्कृष्ट व्याख्यान, डिजिटल पुस्तकें, प्रश्न बैंक और ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इससे लाखों विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खुले हैं।

कोविड-19 महामारी ने यह भी सिद्ध कर दिया कि शिक्षा केवल कक्षा की चारदीवारी तक सीमित नहीं है। कठिन परिस्थितियों में भी डिजिटल माध्यमों ने सीखने की प्रक्रिया को पूरी तरह रुकने नहीं दिया। आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित शिक्षण प्रणालियाँ प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की गति, रुचि और कमजोरियों के अनुसार व्यक्तिगत अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने लगी हैं। आने वाले वर्षों में प्रत्येक विद्यार्थी के पास एक प्रकार का "डिजिटल व्यक्तिगत शिक्षक" होना संभव है।

फिर भी तकनीक को शिक्षा का अंतिम समाधान मान लेना एक भूल होगी। इंटरनेट पर उपलब्ध सामग्री की गुणवत्ता समान नहीं है। सफलता के बढ़ा-चढ़ाकर किए जाने वाले दावे, अपारदर्शी विज्ञापन और बिना किसी शैक्षणिक उत्तरदायित्व के उपलब्ध सामग्री विद्यार्थियों को भ्रमित भी कर सकती है। इसके अतिरिक्त, डिजिटल विभाजन आज भी एक बड़ी चुनौती है। तेज़ इंटरनेट, उपयुक्त उपकरण और अनुकूल अध्ययन वातावरण सभी विद्यार्थियों को समान रूप से उपलब्ध नहीं हैं।

स्पष्ट है कि न तो विद्यालय अकेले पर्याप्त हैं, न कोचिंग संस्थान और न ही डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म। तीनों की अपनी-अपनी भूमिका है। आवश्यकता प्रतिस्पर्धा की नहीं, बल्कि समन्वय की है। विद्यालय बुनियादी शिक्षा और व्यक्तित्व निर्माण की नींव रखें; कोचिंग आवश्यकता होने पर विशेष शैक्षणिक मार्गदर्शन दे; डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म ज्ञान को सुलभ और लचीला बनाएँ। लेकिन इन तीनों के बीच अभी भी एक महत्वपूर्ण कड़ी अनुपस्थित है—वास्तविक कार्यस्थल का अनुभव।

यही वह स्थान है जहाँ भारतीय शिक्षा व्यवस्था को सबसे बड़े परिवर्तन की आवश्यकता है। जब तक विद्यार्थी विद्यालय के दौरान किसी उद्योग, प्रयोगशाला, अस्पताल, कृषि फार्म, अनुसंधान संस्थान, सेवा क्षेत्र या स्टार्टअप की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर नहीं पाएँगे, तब तक शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी पूरी तरह समाप्त नहीं होगी।

वास्तविक प्रश्न यह नहीं है कि विद्यार्थियों को और अधिक पढ़ाया जाए; वास्तविक प्रश्न यह है कि उन्हें वास्तविक दुनिया से कब और कैसे जोड़ा जाए। शायद विकसित भारत की दिशा में शिक्षा का अगला और सबसे महत्वपूर्ण कदम यही है।

शिक्षा के इस बदलते परिदृश्य में अब सबसे बड़ा प्रश्न यह नहीं है कि विद्यार्थियों को और क्या पढ़ाया जाए, बल्कि यह है कि उन्हें वास्तविक दुनिया से कैसे जोड़ा जाए। यदि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनना है, तो शिक्षा को पुस्तकों, प्रयोगशालाओं और परीक्षा कक्षों से आगे बढ़ाकर उद्योगों, कार्यशालाओं, खेतों, अस्पतालों, अनुसंधान संस्थानों और स्टार्टअप्स से जोड़ना ही होगा।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 ने अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning), कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा पर विशेष बल दिया है। यह एक दूरदर्शी पहल है। किंतु किसी भी नीति की सफलता उसके क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। आज अधिकांश विद्यालयों के सामने संसाधनों की अपनी सीमाएँ हैं। प्रत्येक विद्यालय में आधुनिक मशीनें, रोबोटिक्स प्रयोगशालाएँ, ऑटोमेशन सिस्टम, थ्री-डी प्रिंटर, औद्योगिक उपकरण या उन्नत तकनीकी कार्यशालाएँ स्थापित करना व्यावहारिक नहीं है। दूसरी ओर, विद्यालयों के शिक्षकों से यह अपेक्षा भी नहीं की जा सकती कि वे हर औद्योगिक तकनीक या हर उभरते कौशल के विशेषज्ञ हों।

लेकिन हमारे पास पहले से ही एक ऐसा विशाल संसाधन मौजूद है, जिसका उपयोग शिक्षा में बहुत कम हो रहा है—भारत का उद्योग जगत।

देश के लगभग हर जिले में बड़े उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, एमएसएमई इकाइयाँ, रेलवे कार्यशालाएँ, विद्युत संयंत्र, कृषि प्रसंस्करण इकाइयाँ, अस्पताल, निर्माण उद्योग, सेवा क्षेत्र, सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियाँ और हजारों छोटे-छोटे उद्यम कार्य कर रहे हैं। इन स्थानों पर प्रतिदिन लाखों कुशल तकनीशियन, इंजीनियर, सुपरवाइज़र और अनुभवी कर्मचारी काम करते हैं। उनके पास वह व्यावहारिक ज्ञान है, जिसे किसी पुस्तक में पूरी तरह नहीं सिखाया जा सकता।

कल्पना कीजिए कि यदि प्रत्येक जिले में सरकार की पहल पर स्थानीय उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से "स्कूल टू स्किल, स्किल टू स्टार्टअप मिशन" के अंतर्गत जिला कौशल एवं उद्योग शिक्षण केंद्र (District School–Industry Skill Centre) स्थापित किए जाएँ। आसपास के विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी वर्ष भर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इन केंद्रों में जाएँ, मशीनों को कार्य करते हुए देखें, सुरक्षा मानकों को समझें, छोटे-छोटे मॉडल बनाएँ, अनुभवी तकनीशियनों से सीखें और वास्तविक समस्याओं पर आधारित गतिविधियों में भाग लें।

यह प्रशिक्षण किसी परीक्षा की तैयारी नहीं होगा; यह जीवन की तैयारी होगी।

कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए यह कार्यक्रम जिज्ञासा जगाने वाला हो सकता है। वे देख सकेंगे कि गणित केवल किताब का विषय नहीं, बल्कि मशीनों की सटीकता का आधार है; विज्ञान केवल परीक्षा का अध्याय नहीं, बल्कि बिजली उत्पादन, जल शोधन, कृषि और चिकित्सा जैसी प्रणालियों की आत्मा है।

कक्षा नौ से बारह तक पहुँचते-पहुँचते विद्यार्थियों को छोटे-छोटे कौशल मॉड्यूल सिखाए जा सकते हैं—जैसे इलेक्ट्रिकल सुरक्षा, बुनियादी इलेक्ट्रॉनिक्स, ड्रोन का परिचय, सौर ऊर्जा प्रणालियाँ, कंप्यूटर-एडेड डिज़ाइन (CAD), थ्री-डी प्रिंटिंग, रोबोटिक्स, सेंसर, औद्योगिक गुणवत्ता नियंत्रण, मशीन रखरखाव, जल संरक्षण तकनीक, कृषि उपकरण, डिजिटल निर्माण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक अनुप्रयोग। इससे विद्यार्थी केवल सुनेंगे नहीं, बल्कि स्वयं करके सीखेंगे।

महाविद्यालय स्तर पर यही मॉडल और आगे बढ़ सकता है। नियमित इंटर्नशिप, उद्योग-आधारित परियोजनाएँ, अप्रेंटिसशिप, स्थानीय समस्याओं के समाधान, उद्योग-प्रायोजित नवाचार प्रतियोगिताएँ और स्टार्टअप विकास को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाया जा सकता है। इससे डिग्री और रोजगार के बीच की दूरी स्वतः कम होने लगेगी।

एक शिक्षक के रूप में मेरा अनुभव बताता है कि उच्च तकनीकी संस्थानों में प्रवेश लेने वाले अनेक विद्यार्थी कठिन प्रतियोगी परीक्षाएँ उत्तीर्ण करके आते हैं। उनकी विषयगत समझ मजबूत होती है, लेकिन जब उन्हें किसी वास्तविक उत्पाद का डिज़ाइन तैयार करना होता है, प्रयोगशाला में उपकरणों के साथ काम करना होता है, उद्योग की समस्या का समाधान विकसित करना होता है या बहुविषयक टीम में कार्य करना होता है, तब उन्हें इन व्यावहारिक क्षमताओं को विकसित करने में समय लगता है। यदि विद्यालय स्तर से ही विद्यार्थियों का उद्योग और वास्तविक कार्यस्थलों से परिचय होने लगे, तो उच्च शिक्षा में यह संक्रमण कहीं अधिक सहज हो जाएगा।

इस संदर्भ में जर्मनी का "ड्यूल एजुकेशन सिस्टम" (Dual Education System) उल्लेखनीय है। वहाँ शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहती। विद्यार्थी विद्यालय या व्यावसायिक संस्थान में सैद्धांतिक अध्ययन करते हैं और समानांतर रूप से उद्योगों में नियमित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त करते हैं। उद्योग केवल रोजगार देने वाले संस्थान नहीं हैं, बल्कि शिक्षा प्रक्रिया के सक्रिय साझेदार हैं। यही कारण है कि वहाँ पढ़ाई पूरी करने वाले अधिकांश विद्यार्थी कार्यस्थल की वास्तविक आवश्यकताओं से पहले से परिचित होते हैं और उनकी रोजगार क्षमता अत्यंत उच्च होती है।

भारत को जर्मनी की व्यवस्था की नकल करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि हमारी परिस्थितियाँ भिन्न हैं। लेकिन उसका मूल सिद्धांत—"शिक्षा और उद्योग की साझेदारी"—भारतीय संदर्भ में अत्यंत प्रासंगिक है। हमारे देश में भी प्रत्येक जिले की अपनी औद्योगिक और आर्थिक पहचान है। कहीं इस्पात उद्योग है, कहीं ऑटोमोबाइल, कहीं वस्त्र, कहीं खनन, कहीं कृषि प्रसंस्करण, कहीं पर्यटन और कहीं सूचना प्रौद्योगिकी। यदि स्थानीय शिक्षा को स्थानीय उद्योगों से जोड़ा जाए, तो शिक्षा अधिक प्रासंगिक भी होगी और स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।

इस पहल का एक और दूरगामी लाभ होगा। आज हम "स्टार्टअप इंडिया", "मेक इन इंडिया", "आत्मनिर्भर भारत" और "वोकल फॉर लोकल" जैसे अभियानों की बात करते हैं। किंतु उद्यमिता केवल प्रबंधन की पुस्तकों से नहीं सीखी जा सकती। उसके लिए उत्पादन, गुणवत्ता, लागत, बाज़ार, ग्राहक और तकनीक की वास्तविक समझ आवश्यक होती है। यदि विद्यार्थी विद्यालय से ही उद्योगों के संपर्क में आएँगे, तो वे केवल नौकरी तलाशने वाले युवा नहीं रहेंगे; वे समस्याओं को पहचानने, समाधान विकसित करने और स्वयं उद्यम शुरू करने का साहस भी विकसित करेंगे।

इसी सोच के कारण मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि भारत शिक्षा के क्षेत्र में एक राष्ट्रीय मिशन प्रारंभ करे—"स्कूल टू स्किल, स्किल टू स्टार्टअप मिशन"। यह केवल एक नई योजना नहीं होगी, बल्कि शिक्षा की सोच में एक बुनियादी परिवर्तन होगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि जीवन, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना होगा।

भारत के पास आज एक दुर्लभ अवसर है। विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी हमारे पास है और आने वाले दो दशकों तक यह हमारी सबसे बड़ी सामर्थ्य बनी रहेगी। किंतु इतिहास यह भी बताता है कि जनसंख्या अपने आप में शक्ति नहीं होती; उसे शक्ति बनाती है शिक्षा, कौशल, अनुशासन और नवाचार। यदि हम अपनी युवा पीढ़ी को केवल डिग्रियाँ देकर छोड़ देंगे, तो यह अवसर धीरे-धीरे एक चुनौती में बदल सकता है। लेकिन यदि हम उन्हें ज्ञान के साथ कौशल, कौशल के साथ नवाचार और नवाचार के साथ उद्यमिता का आत्मविश्वास देंगे, तो यही युवा विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव बनेंगे।

इसके लिए सरकार, उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों और समाज—सभी को अपनी-अपनी भूमिका नए दृष्टिकोण से निभानी होगी। सरकार को शिक्षा और कौशल विकास को अलग-अलग विभागों की योजनाओं के रूप में नहीं, बल्कि एक साझा राष्ट्रीय मिशन के रूप में देखना होगा। प्रत्येक जिले का स्थानीय कौशल मानचित्र (Local Skill Map) तैयार किया जाए, जिसमें वहाँ के प्रमुख उद्योगों, एमएसएमई, कृषि, सेवा क्षेत्र और उभरते आर्थिक अवसरों का विवरण हो। उसी के अनुरूप विद्यालयों और महाविद्यालयों के लिए कौशल-आधारित भ्रमण, परियोजनाएँ और प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित किए जाएँ।

उद्योगों को भी यह समझना होगा कि भविष्य का कुशल कार्यबल तैयार करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। जिस प्रकार उद्योग अनुसंधान, गुणवत्ता और तकनीकी उन्नयन में निवेश करते हैं, उसी प्रकार उन्हें मानव संसाधन निर्माण में भी दीर्घकालिक निवेश करना चाहिए। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत उद्योग केवल भवन या उपकरण उपलब्ध कराने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने अनुभवी इंजीनियरों, तकनीशियनों और विशेषज्ञों को विद्यालयों और महाविद्यालयों के साथ नियमित रूप से जोड़ें। उद्योग यदि आज विद्यार्थियों में निवेश करेंगे, तो कल उन्हें अधिक सक्षम, प्रशिक्षित और नवाचारी कार्यबल प्राप्त होगा।

विद्यालयों को भी अपनी भूमिका का विस्तार करना होगा। शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना और परीक्षा में अंक दिलाना नहीं हो सकता। विद्यार्थियों में प्रश्न पूछने की आदत, जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सहयोग की भावना और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करना ही वास्तविक शिक्षा है। विज्ञान प्रदर्शनी, मेकर लैब, सामुदायिक परियोजनाएँ, स्थानीय नवाचार, डिज़ाइन थिंकिंग और उद्योग आधारित गतिविधियाँ विद्यालयी जीवन का नियमित हिस्सा बननी चाहिएँ।

उच्च शिक्षा संस्थानों को भी उद्योगों के साथ अपने संबंध और अधिक सुदृढ़ करने होंगे। अनुसंधान तभी सार्थक होगा जब वह समाज और उद्योग की वास्तविक समस्याओं  के समाधान से जुड़ा हो। विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य इंटर्नशिप, उद्योग-प्रायोजित परियोजनाएँ, बहुविषयक अनुसंधान, स्टार्टअप इनक्यूबेशन और स्थानीय समस्याओं पर आधारित नवाचार आने वाले समय की उच्च शिक्षा की पहचान बनने चाहिए।

समाज और अभिभावकों की सोच में परिवर्तन भी उतना ही आवश्यक है। हमें यह स्वीकार करना होगा कि सफलता का केवल एक ही मार्ग नहीं होता। डॉक्टर, इंजीनियर और सिविल सेवक जितने महत्वपूर्ण हैं, उतने ही महत्वपूर्ण कुशल तकनीशियन, मशीन ऑपरेटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कृषि उद्यमी, ड्रोन विशेषज्ञ, रोबोटिक्स तकनीशियन, डेटा विश्लेषक, स्वास्थ्य कर्मी और छोटे उद्योग स्थापित करने वाले युवा भी हैं। विकसित राष्ट्रों ने कौशल को सम्मान दिया है; भारत को भी कौशल और श्रम की गरिमा को सामाजिक प्रतिष्ठा देनी होगी।

इस पूरी प्रक्रिया में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को भी केंद्र में रखना होगा। प्रतिस्पर्धा आवश्यक है, लेकिन उससे भी अधिक आवश्यक है सीखने का आनंद, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो बच्चों में जिज्ञासा जगाए, न कि केवल भय और दबाव पैदा करे।

आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वचालन और डिजिटल तकनीकें कार्यस्थलों को तेजी से बदल रही हैं। भविष्य में अनेक ऐसे व्यवसाय होंगे जिनकी हम आज कल्पना भी नहीं कर सकते। इसलिए विद्यार्थियों को केवल किसी एक नौकरी के लिए नहीं, बल्कि जीवन भर सीखते रहने (Lifelong Learning) की क्षमता के लिए तैयार करना होगा। यही 21वीं सदी की सबसे बड़ी शैक्षणिक आवश्यकता है।

भारत ने चंद्रमा पर कदम रखा है, डिजिटल भुगतान में विश्व का नेतृत्व किया है, स्टार्टअप इकोसिस्टम में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त की हैं और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। अब आवश्यकता है कि शिक्षा व्यवस्था भी उसी गति और दूरदृष्टि के साथ आगे बढ़े। विकसित भारत का निर्माण केवल बड़े उद्योगों, आधुनिक राजमार्गों या ऊँची इमारतों से नहीं होगा; उसका निर्माण उन विद्यालयों में होगा जहाँ जिज्ञासा को प्रोत्साहन मिलेगा, उन कार्यशालाओं में होगा जहाँ बच्चे अपने हाथों से कुछ नया बनाना सीखेंगे, उन प्रयोगशालाओं में होगा जहाँ नवाचार जन्म लेंगे और उन स्टार्टअप्स में होगा जहाँ युवा समस्याओं को अवसर में बदलेंगे।

यदि हम सचमुच विकसित भारत 2047 का सपना साकार करना चाहते हैं, तो अब समय आ गया है कि शिक्षा की परिभाषा को बदलें। हमें विद्यालयों को उद्योगों से, ज्ञान को कौशल से, कौशल को नवाचार से और नवाचार को उद्यमिता से जोड़ना होगा। यही "स्कूल टू स्किल, स्किल टू स्टार्टअप मिशन" का मूल दर्शन है।

शायद आने वाले वर्षों में भारत की शिक्षा व्यवस्था को एक नए सूत्र की आवश्यकता होगी—

"विद्यालय से कौशल, कौशल से नवाचार, नवाचार से उद्यमिता, उद्यमिता से रोजगार और रोजगार से विकसित भारत।"

यही शिक्षा का नया रोडमैप है। यही भारत की युवा शक्ति का सही उपयोग है। और मेरा विश्वास है कि यही वह मार्ग है जो भारत को 2047 तक एक ज्ञान-संपन्न, आत्मनिर्भर, नवाचारी और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में सबसे मजबूत आधार प्रदान करेगा।

Disclaimer : इस लेख/रचना में व्यक्त विचार लेखक के निजी विचार हैं। हर तरह के वाद, विवाद के लिए लेखक व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदार हैं।